सहारनपुर में SSB जवान से 2.85 लाख की ठगी:असिस्टेंट कमांडेंट बनकर फोन किया, अलग-अलग यूपीआई आईडी पर कराए ट्रांजेक्शन
सहारनपुर के तीतरों में साइबर ठगों ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) में तैनात एक जवान को उसके ही असिस्टेंट कमांडेंट (AC) के नाम से फोन कर 2.85 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी ने खुद को असिस्टेंट कमांडेंट चकमा बताते हुए जवान से उसकी तैनाती और लोकेशन की जानकारी ली। इसके बाद उसके पास पैसे भेजने का झांसा देकर अलग-अलग यूपीआई नंबर दिए और उन पर रकम ट्रांसफर करा ली। ठग ने जवान को विश्वास दिलाया कि उसके खाते में 1.65 लाख रुपए भेज दिए गए हैं और बैंकिंग समस्या के कारण रकम पहुंचने में तीन से चार घंटे लगेंगे। इस झांसे में आकर जवान ने अपने बैंक खातों के साथ रिश्तेदार के खाते से भी पैसे ट्रांसफर करा दिए। बाद में कंपनी के व्हाट्सएप ग्रुप से ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल और 1930 पर शिकायत की। तीतरों थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना तीतरो क्षेत्र के मोहल्ला महाजनान निवासी अमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सशस्त्र सीमा बल में कार्यरत हैं। 6 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:38 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उनका असिस्टेंट कमांडेंट (AC) चकमा बताया। उसने अमित से उनकी लोकेशन पूछी। इस पर उन्होंने बताया कि वह दादगिरी समवाय में ड्यूटी कर रहे हैं। इसके बाद फोन करने वाले ने कहा कि वह उनके पास पैसे भेज रहा है और एक यूपीआई नंबर भेजेगा। उस नंबर पर रकम ट्रांसफर करनी होगी। इसी दौरान अमित के मोबाइल पर दूसरे नंबर से पांच चरणों में कुल 1.65 लाख रुपए का टेक्स्ट मैसेज आया। इससे उन्हें लगा कि वास्तव में अधिकारी की ओर से पैसे भेजे जा रहे हैं। इसके बाद ठग ने अमित के व्हाट्सएप नंबर पर भी कॉल की और उन्हें अलग-अलग यूपीआई नंबर भेजे। अमित ने पहले यूपीआई नंबर पर 85 हजार रुपये ट्रांसफर किए। यह रकम उन्होंने अपने एसबीआई खाते से दो ट्रांजेक्शन में भेजी। इसके अलावा 30 हजार रुपए अपने एचडीएफसी खाते से ट्रांसफर किए। इस यूपीआई आईडी का बैंकिंग नाम नंदयाला शैक सोहेल बताया गया है। इसके बाद दूसरे यूपीआई नंबर पर 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए। इस यूपीआई आईडी का बैंकिंग नाम उत्तम अहिरवार बताया गया है। यह रकम भी अमित ने अपने एचडीएफसी खाते से भेजी थी। इस तरह उन्होंने अपने दोनों बैंक खातों से कुल 1.65 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। रिश्तेदार से भी मंगवाए 50 हजार रुपए अमित ने ठग को बताया कि उनके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए हैं और उसके भेजे गए रुपये अभी तक बैंक खाते में नहीं पहुंचे हैं। इस पर ठग ने कहा कि बैंकिंग इश्यू होने के कारण रकम तीन से चार घंटे में खाते में आ जाएगी। इसके बाद उसने और पैसे डालने के लिए कहा। अमित ने जब अपने पास और पैसे नहीं होने की बात कही तो ठग ने इमरजेंसी बताकर रकम की मांग जारी रखी। इस पर अमित ने अपने रिश्तेदार संत कुमार से मदद मांगी। संत कुमार के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से तीसरे यूपीआई नंबर पर 50 हजार रुपए ट्रांसफर कराए गए। इस यूपीआई आईडी का बैंकिंग नाम गौरव कुमार बताया गया है। इस तरह अमित के अनुसार उनके साथ कुल 2.15 लाख रुपए की ठगी हुई, जबकि रिश्तेदार के खाते से 50 हजार रुपए और ट्रांसफर हुए। कुल ठगी की रकम 2.65 लाख रुपए बनती है। कंपनी के व्हाट्सएप ग्रुप से खुला ठगी का मामला रकम ट्रांसफर कराने के बाद अमित ने अपनी कंपनी का व्हाट्सएप ग्रुप चेक किया। वहां जानकारी मिलने पर उन्हें पता चला कि उनके साथ साइबर ठगी हो गई है। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। अमित ने ड्यूटी से छुट्टी लेकर 16 नवंबर को तीतरों थाने पहुंचकर शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में भेजे गए यूपीआई नंबरों, संबंधित बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के आधार पर साइबर ठगी की जांच की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)