90 वर्षीय शिक्षक मोहनलाल आर्य सम्मानित:मिर्जापुर में शिष्यों ने साझा किए संस्मरण; भौतिक विज्ञान की कई किताबें लिखीं

Nov 16, 2026 - 23:45
0
90 वर्षीय शिक्षक मोहनलाल आर्य सम्मानित:मिर्जापुर में शिष्यों ने साझा किए संस्मरण; भौतिक विज्ञान की कई किताबें लिखीं
मिर्जापुर में वरिष्ठ नागरिक संरक्षण संस्थान के तत्वावधान में रविवार की शाम 5 बजे शिवाला महंत स्थित अमृत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 90 वर्षीय शिक्षाविद् एवं भौतिक विज्ञान के पूर्व शिक्षक मोहनलाल आर्य को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उन्हें बैज लगाकर, शॉल ओढ़ाकर, पुष्पहार पहनाकर और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। मोहनलाल आर्य स्थानीय बीएलजे इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान के शिक्षक एवं प्रधानाचार्य रहे। उन्होंने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और आईआईटी स्तर की भौतिक विज्ञान से संबंधित कई पुस्तकें लिखी हैं, जिनका उपयोग विभिन्न विद्यालयों में शिक्षण कार्य के लिए किया जाता रहा है। उनके पढ़ाए हुए अनेक विद्यार्थी डॉक्टर, इंजीनियर और शिक्षक बनकर समाज में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। खास बात यह है कि उनके कई शिष्य नौकरी से सेवानिवृत्त भी हो चुके हैं, जबकि आर्य आज भी जहां अवसर मिलता है, अपना ज्ञान साझा करते रहते हैं। सम्मान समारोह में अनूप कुमार गुप्ता और अमरनाथ सिंह ने अपनी कविताओं का पाठ कर शिक्षक के प्रति सम्मान व्यक्त किया। संस्था के संरक्षक लालव्रत सिंह सुगम ने अपने विचार रखते हुए मोहनलाल आर्य से जुड़े कई संस्मरण साझा किए। केदारनाथ सविता, अजय कुमार मेहरोत्रा, महेशचंद्र यादव, गोपाल जी टंडन, राजकुमार मेहरोत्रा, राजकुमार टंडन, अशफाक खान एडवोकेट, सेंट्रल बैंक के पूर्व प्रबंधक ओमप्रकाश, गणेश लाल विश्वकर्मा, राजनाथ कुशवाहा, रतन कुमार टंडन, कृष्ण कुमार अग्रवाल और संतोष गोयल ने भी उनके साथ बिताए पलों को याद किया। बैठक में पिछली कार्यवाही की सर्वसम्मति से पुष्टि की गई और अन्य प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इस दौरान धर्मेंद्र कुमार आर्य ने संस्था की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी ने संस्था की प्रगति और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को संस्था के संस्थापक सचिव रामगोपाल गोयल का निधन हो गया था। उनके संस्था के प्रति योगदान और कार्यों को याद किया गया। वहीं, संस्था के सदस्य झब्बूलाल विश्वकर्मा की पत्नी के 10 नवंबर को निधन पर भी शोक व्यक्त किया गया। अंत में दोनों दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की गई। कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव महेशचंद्र यादव ने किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User