KGMU में सीनियर्स ने जूनियरों से जबरन प्रणाम कराया:सिर झुकाकर 'प्रणाम महोदय जी' बोलते रहे छात्र; सुरक्षाकर्मी बनाते रहे वीडियो
KGMU के कलाम सेंटर के सामने सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे का नजारा हैरान करने वाला था। MBBS प्रथम वर्ष के छात्र कतार में खड़े थे। उनकी गर्दन झुकी हुई थी। सामने से कोई सीनियर छात्र गुजरता तो सभी तेज आवाज में बोलने लगते- 'प्रणाम महोदय जी'। वहीं, कतार में खड़ी छात्राएं भी सीनियर छात्राओं को देखकर 'प्रणाम मैडम जी' कह रही थीं। इस दौरान कई सुरक्षाकर्मी आसपास मौजूद थे। कुछ सुरक्षाकर्मी मोबाइल से वीडियो भी बना रहे थे। कतार के पास से गुजर रहे सीनियर छात्र जूनियरों को डपटते और हिदायत देते नजर आए। जूनियर छात्र-छात्राएं सिर झुकाए खड़े रहे। उनके चेहरों पर घबराहट साफ दिखाई दे रही थी। कोई भी अपनी जगह से हटने या विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। सीनियरों के प्रणाम का बनाया जा रहा दबाव बताया जा रहा है कि नए छात्र-छात्राओं को समूह में इस तरह खड़ा किया जाता है। सीनियरों के सामने से गुजरने पर प्रणाम करने का दबाव बनाया जाता है। विरोध करने पर डांटने और डराने के आरोप हैं। लगातार दबाव के चलते नए स्टूडेंट्स सहमे हुए हैं। उन्हें डर है कि शिकायत करने पर सीनियर उन्हें और परेशान कर सकते हैं। यही वजह है कि वे खुलकर अपनी बात रखने से भी कतरा रहे हैं। सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में भी चल रही गतिविधियां हैरानी की बात यह है कि कलाम सेंटर के आसपास सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और CCTV कैमरे होने के बावजूद इस तरह की गतिविधियां होने के आरोप हैं। दोपहर के समय की कैमरों की फुटेज में भी यह घटनाक्रम देखा जा सकता है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई प्रभावी हस्तक्षेप सामने नहीं आया है। नए छात्र-छात्राओं की चुप्पी और उनके चेहरों पर दिखता डर परिसर की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)