परीक्षा खत्म होने के बाद कॉपियां लिखते मिले छात्र:CSJMU ने उन्नाव बांगरमऊ के आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज केंद्र को किया निरस्त

Nov 17, 2026 - 01:20
0
परीक्षा खत्म होने के बाद कॉपियां लिखते मिले छात्र:CSJMU ने उन्नाव बांगरमऊ के आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज केंद्र को किया निरस्त
सीएसजेएम यूनिवर्सिटी ने परीक्षा में गंभीर अनियमितता मिलने पर उन्नाव के बांगरमऊ स्थित आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज (यूएन-77) का परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिया है। 16 नवंबर को यहां तीनों पालियों में हुई परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षकों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि परीक्षा का समय समाप्त होने के बाद भी लगभग सभी परीक्षार्थी प्रश्नपत्र हल कर रहे थे। इतना ही नहीं, तीनों पालियों की उत्तर पुस्तिकाओं के पैकेट भी खुले मिले। विश्वविद्यालय ने संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं को अनुचित साधन (यूएफएम) की श्रेणी में रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई का निर्णय लिया है। दोबारा पहुंचे पर्यवेक्षक तो खुली पोल विवि के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया कि पर्यवेक्षक 16 नवंबर को तीनों पालियों की परीक्षा के दौरान केंद्र पर मौजूद थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्र से निकलते समय उन्हें कुछ महत्वपूर्ण सूचनाएं मिलीं। इस पर वे दोबारा कॉलेज पहुंचे और निरीक्षण किया। जांच में परीक्षा संचालन से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इसे परीक्षा की गोपनीयता और निर्धारित नियमों का उल्लंघन मानते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। दूसरे केंद्र में कराई जाएगी परीक्षा आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज को परीक्षा केंद्र से हटाने के साथ ही उससे संबद्ध तीन अन्य कॉलेजों के परीक्षार्थियों के आगामी पेपर भी दूसरे केंद्रों पर कराए जाएंगे। इनमें अयोध्या प्रसाद मिश्र महाविद्यालय, फतेहपुर चौरासी (यूएन-35), मां शांति देवी महाविद्यालय, बहटा मुजावर (यूएन-44) और अब्दुल गफ्फार महाविद्यालय, उन्नाव (यूएन-72) शामिल हैं। पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होगी परीक्षा परीक्षा नियंत्रक के मुताबिक, प्रभावित केंद्रों पर नए परीक्षा केंद्र आवंटित होने तक परीक्षाएं विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में कराई जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा। नियमों की अनदेखी या परीक्षा संचालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User