कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:युवक को लटका कर दौड़ाई कार, फिर रौंदा; डेंगू मरीज बढ़े, दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन
नमस्कार, कानपुर की कल (बुधवार) की 10 बड़ी खबरें… दशहरा मेला देखकर लौट रहे युवक को ड्राइवर ने लटका कर डेढ़ किमी कार दौड़ाई। फिर रौंद दिया। डेंगू के मरीजों की संख्या एक महीने में 114 से बढ़कर 237 हो गई है। शहर में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। भक्त नाचते-गाते पहुंचे। ऐसी ही 10 बड़ी खबरों को देखने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें…। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें- 1- कार से कुचलकर युवक को मार डाला, 1.5Km तक हाथ खिड़की में फंसाकर दौड़ाते रहे कार, फिर रौंदकर भागे कानपुर में दशहरा मेला देखकर लौट रहे बीरू सिंह भदौरिया (37) की पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप है। परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने पहले कार से टक्कर मारी, फिर दोनों हाथ खिड़की के शीशों में फंसाकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक कार दौड़ाई। राजेंद्र नगर में उसे फेंककर कार चढ़ा दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। परिजनों ने एफआईआर न दर्ज करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पढ़ें पूरी खबर… 2- बड़े भाई ने सिर कुचलकर छोटे भाई को मार डाला, दशहरा मेला देखकर लौटे, तखत पर सोने को लेकर झगड़ा हुआ कानपुर के दर्शनपुरवा में मंगलवार देर रात तखत पर सोने को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। दोनों भाई मेला देखकर नशे की हालत में घर लौटे थे। छत पर एक ही तखत पर सोने को लेकर झगड़ा हुआ। बुधवार सुबह लहूलुहान शव मिलने पर पुलिस पहुंची। पूछताछ में बड़े भाई ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर... 3- रावतपुर से कंपनी बाग तक सड़क 15 नवंबर तक बनेगी, डीएम ने दिए निर्देश कानपुर में रावतपुर तिराहे से कंपनी बाग चौराहे तक 1800 मीटर जर्जर सड़क का निर्माण 15 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को बैठक में पीडब्ल्यूडी, जल निगम और मेट्रो अधिकारियों को समन्वय बनाकर काम तेज करने को कहा। सड़क पर गड्ढे और जलभराव से वाहन चालक परेशान हैं। इस रास्ते के बजाय दूसरे मार्ग से जाने पर करीब 2 किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। पढ़ें पूरी खबर... 4- एक महीने में डेंगू के 123 मरीज बढ़े, ग्वालटोली-बिल्हौर में सबसे ज्यादा केस, मलेरिया के 6 मरीज कानपुर में मौसम बदलने के साथ डेंगू के मरीजों की संख्या एक महीने में 114 से बढ़कर 237 हो गई है। 30 दिनों में 123 नए मरीज मिले हैं। ग्वालटोली और बिल्हौर में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में जांच और लार्वा नष्ट करने का अभियान चलाया है। हैलट और उर्सला की ओपीडी में रोज 500 से ज्यादा मरीज बुखार-जुकाम की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों ने जमा पानी हटाने और बुखार होने पर जांच कराने की सलाह दी है। पढ़ें पूरी खबर… 5- नकली सीमेंट बनाने का आरोपी अरेस्ट, एक लाख के निजी मुचलके पर मिली बेल कानपुर के पनकी स्थित नकली सीमेंट फैक्ट्री के फरार आरोपी निशांत मित्तल को पुलिस ने मेरठ से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से एक लाख रुपए के निजी मुचलके पर जमानत मिल गई। फैक्ट्री से एसीसी और अंबुजा के नाम की 1,000 से ज्यादा भरी और 3,000 से अधिक खाली बोरियां मिली थीं। मामले में पहले मुंशी राहुल गिरफ्तार हुआ था। आरोपी के पिता सुनील मित्तल समेत अन्य की तलाश जारी है। पढ़ें पूरी खबर… 6- दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन, नाचते-गाते घाट पहुंचे भक्त कानपुर में बुधवार को दशहरे के अगले दिन भी मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। मंगलवार को नवमी और मंगलवार होने के कारण कुछ भक्तों ने मान्यता के चलते विसर्जन नहीं किया था। बुधवार को श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों पर नाचते-गाते और गुलाल उड़ाते हुए प्रतिमाएं लेकर गंगा किनारे घाटों पर पहुंचे। विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात रही, जबकि नगर निगम की टीम सफाई व्यवस्था संभालती रही। पढ़ें पूरी खबर... 7- अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, एक की मौत, दो दोस्त गंभीर घायल; ड्राइवर फरार कानपुर के पनकी में भौंती बाईपास ओवरब्रिज पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन दोस्तों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान गंगागंज निवासी श्यामू (23) की मौत हो गई, जबकि पवन और शेखर की हालत गंभीर है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। पढ़ें पूरी खबर... 8- छात्र की ट्रेन से गिरकर मौत, बहन की गोद भराई से लौटते समय पनकी में हुआ हादसा कानपुर के पनकी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह ट्रेन से गिरकर इंटर के छात्र हिमांशु (16) की मौत हो गई। वह इटावा में चचेरी बहन की गोदभराई में शामिल होकर मेमो ट्रेन से घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण वह नीचे गिर गया। मोबाइल फोन से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पढ़ें पूरी खबर... 9- नगर आयुक्त बोले- CM ग्रिड का काम अब 24 घंटे चलेगा, फूलबाग में ई-लाइब्रेरी बनाने वाली कंपनी पर गिरेगी गाज कानपुर में नगर आयुक्त ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया। ग्रीन पार्क चौराहे पर सीएम ग्रिड रोड का काम धीमा मिलने पर 24 घंटे काम कराने के निर्देश दिए। फूलबाग की ई-लाइब्रेरी का काम तय समय पर पूरा नहीं होने पर कार्यदायी कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी। नगर आयुक्त ने बताया कि अब तक 154 से ज्यादा सड़कों पर पैचवर्क कराया जा चुका है। दीपावली तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का प्रयास है। ई-लाइब्रेरी का समय भी शाम 5 से बढ़ाकर 7 बजे तक कर दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर... 10- ट्रांसफार्मर से तांबा चोरी गिरोह के 3 अरेस्ट, 111 किलो तांबे की प्लेट बरामद, कबाड़ी को बेचते थे माल कानपुर के सेन पश्चिम पारा में ट्रांसफार्मर से तेल और तांबे की प्लेटें चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 111 किलो से ज्यादा तांबा, 11 हजार रुपए नकद, तमंचा और कारतूस बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने नगवां और कुरियां क्षेत्र में करीब 6.50 लाख रुपए की चोरी की थी। गिरोह में 16 सदस्य हैं। दो आरोपी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी की भी तलाश कर रही है। पढ़ें पूरी खबर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)