काशी के हनुमान घाट पर दिखा ‘मिनी तमिलनाडु’:गंगा में डुबकी लगाकर छात्रों ने जाना काशी से सदियों पुराना रिश्ता,कांची मठ में भी जाना इतिहास
काशी की गलियों में तमिल संस्कृति की खुशबू और गंगा के घाटों पर दक्षिण भारतीय परंपराओं की झलक... काशी तमिल संगमम 5.0 के तहत रविवार को तमिलनाडु से आए छात्रों का दल हनुमान घाट पहुंचा तो काशी और तमिलनाडु का सदियों पुराना रिश्ता फिर जीवंत हो उठा। छात्रों ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद आचार्यों ने उन्हें काशी के घाटों का धार्मिक महत्व और ऐतिहासिक विरासत बताई। गंगा स्नान के बाद छात्र दल ने घाट स्थित प्राचीन मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। यहां मंदिरों के इतिहास, धार्मिक मान्यताओं और स्थापत्य कला की जानकारी लेने के बाद छात्र महान तमिल कवि और स्वतंत्रता सेनानी सुब्रमण्यम भारती के घर पहुंचे। उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनके जीवन, साहित्य और काशी से जुड़ाव के बारे में जाना। छात्रों ने घर के पास स्थित पुस्तकालय का भी भ्रमण किया। इसके बाद कांची मठ पहुंचकर वहां की धार्मिक परंपराओं और इतिहास को करीब से समझा। हनुमान घाट में बसता है छोटा दक्षिण भारत पं. वेंकट रमण घनपाठी ने बताया कि काशी और तमिलनाडु का संबंध किसी आयोजन का मोहताज नहीं है। यह रिश्ता सदियों पुराना है। हनुमान घाट, केदार घाट और हरिश्चंद्र घाट पर मिनी तमिलनाडु बसता है। यहां दक्षिण भारत के अलग-अलग राज्यों के हजारों परिवार पीढ़ियों से रह रहे हैं। अकेले हनुमान घाट पर तमिल परिवारों के 150 से अधिक घर हैं। यहां तमिल और तेलुगु भाषी परिवारों की मौजूदगी काशी को लघु दक्षिण भारत का स्वरूप देती है। उन्होंने बताया कि हनुमान घाट पर कांची मठ के साथ कामकोटेश्वर मंदिर और कुमारस्वामी मठ भी दक्षिण भारतीय परंपराओं की पहचान हैं। महान कवि सुब्रमण्यम भारती ने भी अपने जीवन के कई वर्ष यहीं बिताए और इसी धरती पर अपनी शुरुआती कविताओं की रचना की। कुमारगुरु जैसे संतों का भी काशी से गहरा जुड़ाव रहा है। इडली-डोसा के साथ कचौड़ी-जलेबी का स्वाद घनपाठी ने कहा कि काशी तमिल संगमम में आने वाले मेहमानों का स्वागत और सहयोग करना स्थानीय लोगों के लिए भी उत्साह का विषय है। स्टेशन पर आगमन से लेकर मंदिरों के दर्शन और गंगा स्नान तक उनके लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मेहमान दक्षिण भारतीय व्यंजनों में सांभर, रसम, इडली और डोसा का स्वाद ले रहे हैं तो बनारसी कचौड़ी, जलेबी, लस्सी और मलाई का भी आनंद उठा रहे हैं। यही सांस्कृतिक आदान-प्रदान इस आयोजन को खास बनाता है। किताबों में पढ़ी काशी को सामने देखकर हुए भावुक छात्र दल में शामिल राम प्रसाद ने कहा कि अब तक काशी के मंदिरों और उनके इतिहास को किताबों और तस्वीरों में ही देखा था। कभी कल्पना नहीं की थी कि यहां आकर गंगा स्नान और मंदिरों में दर्शन करने का अवसर मिलेगा। सरकार और विश्वविद्यालय की पहल से यह सपना पूरा हुआ। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और मां गंगा में स्नान उनके लिए जीवनभर याद रहने वाला अनुभव है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)