रिपोर्ट- ईरान ने अमेरिका पर हमलों में स्टारलिंक इस्तेमाल किया:सेना को निर्देश देने में मदद ली; मस्क की कंपनी सैटेलाइट से इंटरनेट देती है
ईरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले के दौरान इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक का इस्तेमाल किया। द वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, इसके जरिए ईरानी सेना ने ड्रोन ऑपरेशन चलाए और अपने सैनिकों को निर्देश दिए। मार्च के पहले हफ्ते में मस्क को पता चला कि ईरान सैन्य कार्रवाई में स्टारलिंक का इस्तेमाल कर रहा है। तब अमेरिका-इजराइल ने ईरान पर हमले शुरू किए थे। जवाब में ईरान ने मिसाइलों और ड्रोन से अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इस खुलासे से मस्क नाराज हो गए थे। उन्हें ईरान के साथ-साथ अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन के इस्तेमाल पर भी आपत्ति थी। अमेरिकी सेना भी स्टारलिंक का इस्तेमाल कर रही थी अमेरिकी सेना भी स्टारलिंक के सैन्य वर्जन स्टारशील्ड का इस्तेमाल कर रही थी। इसके जरिए वह एकतरफा हमले करने वाले ड्रोन चला रही थी। अमेरिकी सेना जमीन पर सैन्य अभियान चलाने के लिए बनाई गई एक सस्ती योजना के तहत इसका इस्तेमाल कर रही थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान की ओर से सैन्य अभियानों में स्टारलिंक के इस्तेमाल की जानकारी पहले सामने नहीं आई थी। स्पेसएक्स और मस्क ने इस मामले पर पूछे गए कई सवालों का जवाब नहीं दिया। स्टारलिंक बना ईरान के लिए संचार का दूसरा रास्ता अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को युद्ध से जुड़ी एक गोपनीय जानकारी दी गई थी। इसमें बताया गया था कि ईरान इस तकनीक की मदद से अपनी सेना के बीच संपर्क बनाए रख रहा है और एकतरफा हमले करने वाले ड्रोन पर नजर रख रहा है। अमेरिका और उसके सहयोगी ईरान के पुराने संचार सिस्टम को नुकसान पहुंचाने में लगे थे। ऐसे में स्टारलिंक ने ईरान को बातचीत और सैन्य निर्देश भेजने का एक दूसरा रास्ता दे दिया था। हालांकि, पेंटागन की प्रवक्ता किंग्सले विल्सन ने द वॉशिंगटन पोस्ट से कहा कि उन्हें रक्षा मंत्री के कार्यालय को इस विषय पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड की कोई रिपोर्ट दिए जाने की जानकारी नहीं है। ईरान में इंटरनेट बंद करने से आम लोगों को भी नुकसान रिपोर्ट में बताया गया है कि स्पेसएक्स के सामने बड़ी मुश्किल है। कंपनी को यह रोकना है कि उसके सैटेलाइट इंटरनेट का इस्तेमाल दुश्मन देश की सेना न करे। लेकिन साथ ही उसे ईरान के आम लोगों और सरकार के विरोधियों को भी इंटरनेट देना है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर कार्रवाई के दौरान इंटरनेट और दूसरे संचार माध्यम बंद कर दिए थे। इसके बाद स्टारलिंक ने ईरान में लोगों को मुफ्त इंटरनेट सेवा देना शुरू किया था। सैटेलाइट इंडस्ट्री से एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एक बार स्टारलिंक के उपकरण आम लोगों तक पहुंच जाएं, तो उन्हें दुश्मन देशों के हाथों में जाने से रोकना मुश्किल हो जाता है। ईरान तीसरे देशों के जरिए उपकरण खरीद सकता है अमेरिकी वित्त मंत्रालय की पूर्व वकील कैरी स्टाइनबोवर के मुताबिक, ईरान पर लगे प्रतिबंधों से बचने के लिए बनाए गए उसके नेटवर्क ने भी स्टारलिंक के उपकरण हासिल करने में मदद की हो सकती है। उन्होंने कहा कि ईरान ऐसे काम करने में माहिर है। उसके लोग तीसरे देशों में फर्जी कंपनियां बनाकर स्टारलिंक के उपकरण खरीद सकते हैं। ये कंपनियां असली खरीदार बनकर सामान बेचने वाली कंपनियों को धोखा दे सकती हैं। इस तरह की खरीद पर नजर रखना बेहद मुश्किल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)