रायबरेली में स्कूल जा रही छात्रा को अगवा कर दुष्कर्म:साथी के घर ले गया आरोपी, माता-पिता की हत्या करने की दी धमकी
रायबरेली में ऊंचाहार क्षेत्र में स्कूल जा रही 17 वर्षीय छात्रा को अगवा कर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक छात्रा को अपने साथी के घर ले गया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा को उसके माता-पिता की हत्या करने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है। तीन साल से बना रहा था बातचीत का दबाव ऊंचाहार क्षेत्र के एक गांव की छात्रा कक्षा 11 में पढ़ती है। उसका स्कूल लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर है। परिजनों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले डींगुर का पुरवा मजरे सवैया धनी गांव के एक युवक ने छात्रा की चोरी से फोटो खींच ली थी। इसके बाद वह उस पर बातचीत करने का दबाव बनाने लगा। छात्रा ने इसका विरोध किया था। ई-रिक्शा में बैठते ही दी धमकी परिजनों के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह छात्रा स्कूल जाने के लिए ई-रिक्शा का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक ई-रिक्शा पहुंचा, जिसमें आरोपी पहले से बैठा था। छात्रा के बैठने पर उसने अपने साथ चलने का दबाव बनाया। मना करने पर माता-पिता की हत्या करने की धमकी दी। इसके बाद वह छात्रा को रेलवे क्रॉसिंग के पास अपने साथी के घर ले गया और वहां दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। दो दिन बाद मां को बताई आपबीती घटना के बाद छात्रा किसी तरह घर पहुंची, लेकिन डर के कारण परिजनों को कुछ नहीं बताया। वह दो दिन तक स्कूल नहीं गई। शनिवार सुबह मां के पूछने पर उसने रोते हुए पूरी घटना बताई। इसके बाद पिता के साथ कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस आरोपियों के घर पहुंची, लेकिन दोनों नहीं मिले। सीओ गिरिजाशंकर त्रिपाठी ने कि- मामला संज्ञान में आया है। आरोपी और उसका साथी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)