कौशांबी में चलती बाइक से कूदकर किशोर ने बचाई जान:अपहरण के बाद मुंह-हाथ बांधकर ले जा रहे थे बदमाश, बाइक जब्त
कौशाम्बी के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के भद्दुरपुर गांव में मंगलवार की सुबह 6:30 बजे एक 15 वर्षीय किशोर का बाइक समेत अपहरण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने किशोर का मुंह और हाथ बांधकर उसे अगवा कर लिया। हालांकि, किशोर ने हिम्मत दिखाते हुए कोखराज थाना क्षेत्र के रोही ओवरब्रिज के पास बदमाशों के चंगुल से भागकर अपनी जान बचा ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, भद्दुरपुर गांव निवासी आशीष शुक्ला के 15 वर्षीय बेटे प्रशांत शुक्ला को मंगलवार कि सुबह दो बदमाश बाइक समेत अगवा कर ले गए थे। आरोप है कि बदमाशों ने किशोर का मुंह और हाथ बांध दिया था। इसके बाद उसे लेकर कोखराज थाना क्षेत्र की तरफ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बदमाश जब रोही ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तभी प्रशांत को भागने का मौका मिल गया। किशोर ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक से छलांग लगा दी और बदमाशों के चंगुल से निकलकर भाग गया। किशोर के भागने के बाद बदमाश उसकी बाइक में लॉक लगाकर मौके से फरार हो गए। होटल से परिजनों को दी सूचना बदमाशों से बचकर निकले प्रशांत ने लगभग 12:30 बजे पास के एक होटल पर पहुंचकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद डायल 112 और भरवारी चौकी पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर की बाइक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। किशोर का अपहरण किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें कौन लोग शामिल थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। दिनदहाड़े किशोर को बाइक समेत अगवा किए जाने और उसके बदमाशों के चंगुल से भागकर जान बचाने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पूरे मामले में कोखराज थाना प्रभारी संतोष शर्मा का कहना है कि परिजनों ने थाना पुलिस को बच्चे की अपहरण की सूचना दी है बच्चा सकुशल अपने परिजनों के साथ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)