कुलदीप पर फायरिंग के मामले में पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज:लापरवाही मिलने पर SSP ने घाट चौकी प्रभारी और बीट सिपाही को किया निलंबित
मेरठ के शताब्दीनगर में वर्चस्व की लड़ाई में कुलदीप कसाना को गोली मारने के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। एसएसपी ने घाट चौकी प्रभारी अजय प्रताप और बीट कांस्टेबल अंकित नागर को निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं, घायल कुलदीप को जिला बदर किया गया है। गांव कुंडा निवासी रोहित कसाना ने परतापुर थाने में दर्ज मुकदमे में बताया कि उसका भाई कुलदीप सोमवार रात अपने साथी तेजस और बादल के साथ शताब्दीनगर में हिमांशु के घर जा रहा था। इंद्रापुरम स्थित पीर वाली गली में उसे शताब्दीनगर निवासी शिवांश उर्फ चिंटू और उसका भाई अक्षय, गांव घाट निवासी सागर व निखिल मिल गए। इसके बाद दोनों गुटों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान एक गोली कुलदीप की पीठ में लगी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। बुधवार सुबह पुलिस ने शिवांश को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस उसे वारदात में प्रयुक्त तमंचा बरामद कराने के लिए परतापुर में एलएंडटी प्लांट के पास निर्माणाधीन इमारत में लेकर पहुंची। इसी दौरान शिवांश के साथी अभिषेक ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने अभिषेक को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से तमंचा बरामद किया। मामले में परतापुर पुलिस की लापरवाही उजागर होने के बाद एसएसपी ने घाट चौकी प्रभारी अजय प्रताप और बीट कांस्टेबल अंकित नागर को निलंबित कर दिया। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिसकर्मियों की ओर से हुई लापरवाही की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)