लोहिया पार्क में दिसंबर से शुरू होगा प्ले फाउंटेन:रिवरफ्रंट पर होगा लाइट शो,बैकुंठ धाम से ला मार्टिनियर तक ग्रीन कॉरिडोर के पुल का काम जल्द पूरा करने के निर्देश

Oct 25, 2026 - 05:40
0
लोहिया पार्क में दिसंबर से शुरू होगा प्ले फाउंटेन:रिवरफ्रंट पर होगा लाइट शो,बैकुंठ धाम से ला मार्टिनियर तक ग्रीन कॉरिडोर के पुल का काम जल्द पूरा करने के निर्देश
लखनऊ में लोहिया पार्क और गोमती रिवरफ्रंट की सुंदरता बढ़ाने के लिए नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। लोहिया पार्क में म्यूजिक और रंग-बिरंगी रोशनी से सजा प्ले फाउंटेन बनाया जा रहा है, जिसे दिसंबर तक शुरू करने की तैयारी है। वहीं, गोमती रिवरफ्रंट पर वाटर बेस्ड लाइट एंड साउंड शो बनाया जाएगा। इसके जरिए उत्तर प्रदेश के इतिहास और लखनऊ की नवाबी संस्कृति, कला और विरासत को दिखाया जाएगा। इसके साथ ही ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत बैकुंठ धाम से ला मार्टिनियर तक पुल का निर्माण पूरा कराकर यातायात शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को इन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया। लोहिया पार्क में बच्चों के लिए बनेगा आकर्षण लोहिया पार्क में प्ले फाउंटेन के साथ चिल्ड्रेन प्ले एरिया विकसित किया जा रहा है। फाउंटेन में म्यूजिक और रंग-बिरंगी लाइटों की व्यवस्था होगी। इसके अलावा बच्चों के खेलने के लिए मल्टी एक्टिविटी झूले भी लगाए जा रहे हैं। एलडीए उपाध्यक्ष के मुताबिक, दिसंबर तक प्ले फाउंटेन को शुरू करने का लक्ष्य है। इसके शुरू होने से पार्क में घूमने और समय बिताने आने वाले लोगों को एक नया आकर्षण मिलेगा। रिवरफ्रंट पर पानी की स्क्रीन पर दिखेगा इतिहास गोमती रिवरफ्रंट पर नदी का जलस्तर कम होने के बाद वाटर बेस्ड लाइट एंड साउंड शो के निर्माण की तैयारी की जा रही है। इसमें पानी की स्क्रीन पर एडवांस लेजर, लाइट एंड साउंड तकनीक और प्रोजेक्टर का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश के गौरवशाली इतिहास के साथ लखनऊ की नवाबी संस्कृति, कला और विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे गोमती रिवरफ्रंट को पर्यटन के एक नए आकर्षण के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। ग्रीन कॉरिडोर के पुल का काम तेज करने के निर्देश एलडीए उपाध्यक्ष ने ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तीसरे चरण में बैकुंठ धाम से ला मार्टिनियर तक चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने पुल का निर्माण जल्द पूरा करने और यातायात शुरू कराने की दिशा में तेजी से काम करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शहीद पथ से जोड़ने वाली क्लोवरलीफ के निर्माण में तेजी लाने को कहा। बारिश के बाद जलस्तर घटने पर मिट्टी की भराई का काम पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। मरी माता मंदिर के पास जरूरी क्लियरेंस, नाले और सड़कों को मजबूत करने से जुड़े कार्यों में भी तेजी लाने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User