पिकअप की टक्कर से 3 माह के मासूम की मौत:हरदोई में माता-पिता गंभीर घायल, मां को लखनऊ रेफर किया गया

Oct 27, 2026 - 13:29
0
पिकअप की टक्कर से 3 माह के मासूम की मौत:हरदोई में माता-पिता गंभीर घायल, मां को लखनऊ रेफर किया गया
हरदोई जनपद में लोनार कोतवाली क्षेत्र के सांडी-शाहाबाद मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइकसवार दंपती को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में तीन माह के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने घायल मां को लखनऊ रेफर कर दिया है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मेडिकल कॉलेज में मासूम को सोमवार की देर शाम 6:46 पर मृत घोषित किया गया। यह हादसा सोमवार देर शाम लोनार कोतवाली क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के पास हुआ। लोनार कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी सोमेंद्र उर्फ अनूप खेती करते हैं। उनकी शादी तीन साल पहले वंदना सिंह के साथ हुई थी। उनका तीन माह का इकलौता पुत्र उत्कर्ष था। पिछले दो दिनों से उत्कर्ष की तबीयत खराब चल रही थी, जिसका इलाज कराया जा रहा था। सोमवार की शाम अनूप पत्नी वंदना के साथ बाइक पर सवार होकर बेटे उत्कर्ष की दवा लेने गए थे। दवा लेकर वे वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में पीछे से आ रही पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकसवार तीनों लोग हवा में उछलकर सिर के बल सड़क पर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोग तुरंत एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बावन ले जाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही डॉक्टरों ने तीन माह के उत्कर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मां वंदना की हालत नाजुक होने के चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया है। इकलौते बेटे की अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से माता-पिता और पूरे परिवार में गहरा कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User