मेरठ के आयुष ने पैरा-एशियन गेम्स में जीते 2 पदक:अब शहर में होगा स्वागत, जापान में भाला फेंक में कांस्य और गोला फेंक में जीता था गोल्ड
जापान में आयोजित पैरा एशियन गेम्स में मेरठ के पैरा एथलीट आयुष वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और शहर का नाम रोशन किया है। आयुष ने पुरुषों की शॉटपुट एफ-53 स्पर्धा में 8.16 मीटर का थ्रो कर गोल्ड और भाला फेंक में कांस्य पदक जीता हैं। इस तरह आयुष ने एशियन पैरा गेम्स में दो पदक अपने नाम किए है। उनकी उपलब्धि से मेरठ के खेल प्रेमियों और परिवार में खुशी का माहौल है। पांचवें प्रयास में हासिल किया गोल्ड आयुष ने शॉटपुट स्पर्धा में शुरुआत 7.39 मीटर के थ्रो से की। दूसरे प्रयास में उन्होंने 7.42 मीटर और तीसरे प्रयास में 7.50 मीटर की दूरी हासिल की। चौथे प्रयास में उनका प्रदर्शन सुधरकर 7.92 मीटर पहुंचा। इसके बाद पांचवें प्रयास में 8.16 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया। ईरान के खिलाडी 8.09 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कजाकिस्तान के खिलाड़ी ने 6.81 मीटर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले आयुष ने भाला फेंक की एफ-53/54 स्पर्धा में 17.88 मीटर का थ्रो कर कांस्य पदक जीता था। लगातार दो स्पर्धाओं में पदक जीतना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। कल भारत पहुंचेंगे आयुष, मेरठ आने की संभावना जापान में प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने के बाद आयुष कल भारत पहुंचेंगे। इसके बाद उनके कल या मंगलवार को मेरठ पहुंचने की संभावना है। शहर लौटने पर उनके स्वागत और सम्मान की तैयारी की जा रही है। आयुष की उपलब्धि से मेरठ के खेल प्रेमियों में उत्साह है। उनकी इस सफलता को शहर के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। 2014 में हादसे के बाद बदली जिंदगी आयुष की सफलता के पीछे संघर्ष और मेहनत की लंबी कहानी है। वर्ष 2014 में सड़क हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट आई थी। इसके बाद उन्हें व्हीलचेयर का सहारा लेना पड़ा। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और पैरा खेलों की ओर रुख किया। लगातार अभ्यास और मेहनत के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। शॉटपुट और भाला फेंक में उनके प्रदर्शन ने यह साबित किया कि दृढ़ इच्छाशक्ति से मुश्किल परिस्थितियों में भी सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी उपलब्धि मेरठ के युवाओं और उभरते पैरा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)