शहीद एक्सप्रेस में आग, मची भगदड़, पिता-पुत्र झुलसे:बिजनौर के नगीना के पास हादसा, बरेली जंक्शन पर नया कोच लगाकर रवाना की गई ट्रेन
अमृतसर से बरेली के रास्ते गोरखपुर जा रही शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-6 में शुक्रवार की रात करीब 11:15 बजे अचानक आग लग गई। बिजनौर जिले में नगीना के पास गेट संख्या 471 पर हुए इस हादसे से कोच में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। आग की चपेट में आने से पिता और उनका 17 वर्षीय बेटा झुलस गए, जबकि केबिन की छह सीटें, कंबल और कई बैग जल गए। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची आरपीएफ, जीआरपी और दमकल कर्मियों की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब दस मिनट (रात 11:25 बजे) में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। प्राथमिक उपचार के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। यात्री बोले- लगा आज जिंदा नहीं बचेंगे
कुशीनगर के मण्डार बिंदालिया गांव निवासी दीपक कुमार अपनी पत्नी पिंकी और दो बेटों के साथ मंडी गोबिंदगढ़ से गोरखपुर जा रहे थे। उनकी सीटें एस-6 कोच में 66, 67, 69 और 70 नंबर पर थीं। दीपक ने बताया कि रात के समय उनका 17 वर्षीय बेटा विवेक सीट नंबर 67 पर बैठकर मोबाइल चला रहा था, तभी अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) हैंडल कवर के पास अचानक लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग फैलने लगी तो यात्रियों ने जान बचाने के लिए अपने बैग और जलते कंबल खिड़कियों से बाहर फेंक दिए। कई यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन धीमी होते ही बाहर कूद पड़े। आग से पिता दीपक का बायां हाथ झुलस गया और विवेक के हाथ व सिर के पीछे के बाल जल गए। सीट के पास मिली गंधक-पोटाश वाली पटाखा गन
घटना की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों द्वारा ट्रैक पर फेंके गए बैग को बरामद कर वीडियोग्राफी के साथ उसकी तलाशी ली। बैग के अंदर कोई ज्वलनशील पदार्थ नहीं मिला, लेकिन सीट के पास कागज और पन्नी में लिपटी गंधक-पोटाश की एक पटाखा गन बरामद हुई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कोच की वायरिंग और चार्जिंग पॉइंट पूरी तरह सुरक्षित मिले हैं। आग लगने की वास्तविक वजह जानने के लिए फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है। बरेली जंक्शन पर लगाया गया नया कोच
हादसे के बाद ट्रेन जब शनिवार तड़के करीब पांच बजे बरेली जंक्शन पहुंची, तो रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए क्षतिग्रस्त एस-6 कोच को हटाकर नया कोच लगाया। इसके बाद सभी प्रभावित यात्रियों को नए कोच में शिफ्ट कर ट्रेन को गोरखपुर के लिए रवाना किया गया। मुरादाबाद रेल मंडल के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर कोच का तकनीकी मुआयना किया।
शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगी थी। मौके पर एक बैग के पास पोटाश और पटाखा गन मिली है। कोच के इलेक्ट्रिक वायर और चार्जिंग पॉइंट पूरी तरह ठीक पाए गए हैं। मामले में मुरादाबाद आरपीएफ में मुकदमा दर्ज कराया गया है। विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के सही कारणों की पुष्टि होगी।
— महेश यादव, सीनियर डीसीएम नगीना के पास शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अचानक आग लग गई थी, जिसमें पिता-पुत्र मामूली रूप से झुलस गए। सुरक्षा बलों और दमकल कर्मियों ने दस मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया। बरेली जंक्शन पर ट्रेन में अतिरिक्त कोच लगाकर यात्रियों को सुरक्षित शिफ्ट किया गया, जिसके बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हुई।
— भानुप्रताप सिंह, स्टेशन अधीक्षक, बरेली जंक्शन
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)