महोबा में 1250 किलो विस्फोटक से लदा पिकअप पकड़ा:मध्य प्रदेश से लाया जा रहा था, चालक समेत 2 हिरासत में
महोबा के कबरई थाना क्षेत्र के धरौन रोड पर रविवार सुबह पुलिस ने विस्फोटक सामग्री से लदा एक पिकअप लोडर पकड़ा। वाहन में करीब 1250 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, ईडी और सेल लदे होने की जानकारी सामने आई है। इसे मध्य प्रदेश से गंज गांव के पहाड़ पर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन और सामग्री को कब्जे में लेकर चालक और उसके साथी को हिरासत में लिया है। अधिकारियों की मौजूदगी में दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब नौ बजे विस्फोटक सामग्री ले जाए जाने की सूचना पर कबरई थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ धरौन रोड पहुंचे। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो उसमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली। बताया गया कि इस सामग्री का इस्तेमाल पहाड़ों की खदानों में खनन के लिए किया जाता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए SDM सदर शिवध्यान पांडे और CO सिटी रविकांत गौड़ भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में वाहन में लदी सामग्री से संबंधित लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। CO सिटी रविकांत गौड़ ने बताया कि दस्तावेजों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विस्फोटक का परिवहन नियमानुसार किया जा रहा था या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी, इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और इसके परिवहन में कौन-कौन शामिल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)