महर्षि बॉटफिएस्टा-2026 में 600 से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया:लखनऊ में तकनीक और नवाचार का रोमांच रहा; छात्रों ने एआई प्रोजेक्ट पेश किए
लखनऊ के महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के परिसर में दो दिन तक तकनीक और नवाचार का रोमांच देखने को मिला। यहां आयोजित राष्ट्रीय तकनीकी प्रतियोगिता ‘महर्षि बॉटफिएस्टा-2026’ का शनिवार को समापन हो गया। इसके पांचवें सीजन में देशभर के स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के 600 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। महर्षि स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की ओर से IQAC के सहयोग से 30 और 31 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में नौ तकनीकी स्पर्धाएं हुईं। विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स, ड्रोन, प्रोग्रामिंग, स्वचालन और एआई पर आधारित मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। ड्रोन रेसिंग से रोबो सॉकर तक दिखा दम प्रतियोगिता का उद्घाटन ‘ड्रोन मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से प्रसिद्ध नवप्रवर्तक डॉ. मिलिंद राज ने किया था। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर ड्रोन तकनीक और नवाचार की संभावनाओं पर चर्चा की। वहीं, शनिवार को समापन समारोह में डीआरडीओ लखनऊ के आरसीएमए के क्षेत्रीय निदेशक विनोद कुमार मुख्य अतिथि रहे। प्रतियोगिता में ड्रोन रेसिंग चैलेंज, रोबो स्पीडएक्स, रोबो सॉकर लीग,रोबोविजन टॉक्स, रोबो टग चैलेंज, रोबो कॉम्बैट एरिना,लाइनएक्स ऑटोनॉमस चैलेंज, एआई इनोवेटएक्स ग्रैंड हैकाथॉन और प्रोजेक्ट शोकेस आयोजित हुए।प्रतिभागियों ने तकनीकी दक्षता के साथ अपनी रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। लखनऊ-कानपुर की टीमों ने जीते खिताब ड्रोन रेसिंग चैलेंज में श्रीरामस्वरूप मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की टीम GROBOTS-1 प्रथम रही। रोबो स्पीडएक्स के वरिष्ठ वर्ग में एचबीटीयू कानपुर की Blackout Bots और कनिष्ठ वर्ग में सीएमएस कानपुर रोड की टीम विजेता बनी। रोबोविजन टॉक्स के कनिष्ठ वर्ग में सीएमएस के विराज भाटिया और विराट भाटिया ने पहला स्थान हासिल किया। प्रोजेक्ट शोकेस के वरिष्ठ वर्ग में लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम Banana और कनिष्ठ वर्ग में सीएमएस कानपुर रोड के विद्यार्थियों ने बाजी मारी। एआई इनोवेटएक्स ग्रैंड हैकाथॉन के कनिष्ठ वर्ग में ब्राइटलैंड स्कूल की शौर्या जैन और वरिष्ठ वर्ग में एसआर इंस्टीट्यूट की टीम Triple 9 विजेता रही। शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे लाइनएक्स ऑटोनॉमस चैलेंज में एमिटी इंटरनेशनल स्कूल की Route Ranger और ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की Reboners टीम ने अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर कुलपति प्रो. भानु प्रताप सिंह, कुलसचिव डॉ. गिरीश छिमवाल और डीन अकादमिक डॉ. नीरज जैन समेत शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)