2 नवंबर को अयोध्या आएंगे सीएम योगी:दीपोत्सव की तैयारियों को परखेंगे, राम की पैड़ी से रामकथा पार्क तक करेंगे निरीक्षण
दीपोत्सव के 10वें संस्करण को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इन तैयारियों की जमीनी हकीकत परखने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2 नवंबर को अयोध्या आएंगे। मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ ग्राउंड जीरो पर उतरकर आयोजन स्थलों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे व्यवस्थाओं को परखेंगे और अधिकारियों को जरूरी निर्देश देंगे। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम में राम की पैड़ी, रामकथा पार्क, सरयू आरती स्थल और साकेत महाविद्यालय का निरीक्षण शामिल है। इसके अलावा वे राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन भी करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार दीपोत्सव में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के भी शामिल होने की संभावना है। उनके संभावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री अधिकारियों से जानकारी ले सकते हैं। वीवीआईपी मूवमेंट, कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा दौरे का अहम हिस्सा होगी। दीपोत्सव का मुख्य आयोजन 7 नवंबर को प्रस्तावित है। राम की पैड़ी पर दीप सज्जा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, अतिथियों के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन का पूरा जोर आयोजन को भव्य बनाने के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर है। सीडीओ ने की संभावित दौरे की पुष्टि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री के संभावित आगमन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी मुख्यमंत्री का आधिकारिक मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम प्राप्त नहीं हुआ है। कार्यक्रम जारी होने के बाद निरीक्षण स्थलों और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)