MLC चुनाव में धांधली हुई तो करेंगे उजागर- सपा:सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर बोले- बूथ कैप्चरिंग और सत्ताबल से लड़ा गया चुनाव
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक MLC सीट के मतगणना के दिन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर ने सत्ता पक्ष और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि सभी 9 जिलों में सपा के पक्ष में बंपर वोटिंग हुई है, लेकिन अमरोहा में बड़े पैमाने पर बूथ लूटने और उन पर जानलेवा हमला होने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। दानिश अख्तर ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष नहीं हुआ है और अगर काउंटिंग में कोई धांधली हुई, तो उसे मजबूती से उजागर किया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के नतीजों से पहले समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर ने मतदान प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मतगणना स्थल पर दैनिक भास्कर से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यह चुनाव लोकतंत्र की मर्यादाओं के खिलाफ सत्ता के बल पर लड़ा गया है। शिक्षकों ने सपा के वादों पर किया बंपर मतदान
दानिश अख्तर ने कहा, "सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुरानी पेंशन बहाली (OPS) और वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय देने का वादा किया है। इसी आधार पर शिक्षकों ने क्षेत्र के सभी नौ जिलों में समाजवादी पार्टी के पक्ष में बंपर वोटिंग की है। यह चुनाव शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा का था, लेकिन लोकतंत्र में इसे सत्ता के दम पर लूटने की कोशिश की गई। अमरोहा में 94% वोटिंग पर सवाल, हमले का आरोप
प्रशासन और चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, "अमरोहा के सभी सातों बूथों पर 94 फीसदी तक पोलिंग करा दी गई। चुनाव आयोग (EC) को अवगत कराया गया कि वहां बूथ लूटे गए हैं और मुझ पर भी हमला हुआ। इसके बावजूद आयोग के कान नहीं खुले। सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पीठासीन अधिकारियों से महज खानापूर्ति कराकर मामले की इतिश्री कर दी गई, जो लोकतंत्र के लिए बेहद घातक कदम है।' भाजपा प्रत्याशी पर मुद्दों से भटकाने का आरोप
भाजपा प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने पुरानी पेंशन खत्म की, वित्तविहीन शिक्षकों का मानदेय छीना और शिक्षकों के अधिकारों में कटौती की। साथ ही शिक्षक सेवा सुरक्षा से जुड़ी अहम धाराओं (धारा 21, 18 और 12) को खत्म करने का काम किया गया। वे सिर्फ सत्ता के दुरुपयोग और बूथ कैप्चरिंग के दम पर टिके हुए हैं। काउंटिंग में गड़बड़ी हुई तो करेंगे पर्दाफाश
मतगणना की निष्पक्षता पर दानिश अख्तर ने कहा, "चुनाव तो निष्पक्ष नहीं हुआ। अब देखते हैं अंदर काउंटिंग की क्या स्थिति रहती है। अगर काउंटिंग निष्पक्ष हुई तो हम उसे निष्पक्ष कहेंगे, लेकिन यदि कोई धांधली सामने आई तो उसे पूरी ताकत से उजागर करने का काम करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)