ताजमहल पहुंचे पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ:कड़ी सुरक्षा के बीच किया दीदार, ताज संग कराया फोटो शूट
पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ मंगलवार सुबह ताजमहल का दीदार करने पहुंचे। सुबह 5:30 बजे उनके पहुंचने की सूचना से पर्यटकों और प्रशंसकों में उत्साह रहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिलजीत ने ताजमहल का भ्रमण किया। वह मुख्य मकबरे तक पहुंचे और सफेद संगमरमर से बनी इस ऐतिहासिक इमारत की खूबसूरती निहारते नजर आए। उन्होंने ताजमहल की बेमिसाल वास्तुकला और संगमरमर पर की गई नक्काशी को करीब से देखा। इस दौरान उन्होंने ताजमहल के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। दिलजीत के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। वह सुरक्षाकर्मियों के घेरे में ताजमहल परिसर में घूमते नजर आए। परिसर से सामने आई तस्वीरों में दिलजीत लाल जैकेट, सफेद पगड़ी और नीली जींस पहने दिखाई दिए। उनके साथ सुरक्षाकर्मी भी मौजूद रहे। ताजमहल परिसर में भ्रमण के दौरान वह बैटरी चालित वाहन में बैठकर जाते हुए भी नजर आए। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की खूबसूरती को निहारने के साथ दिलजीत ने यहां रील शूट भी की। वह ताजमहल के साथ तस्वीरें खिंचवाते और वीडियो बनाते नजर आए। इस दौरान उनके फैंस की भी भीड़ लग गई और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने की भी लोगों में होड़ नजर आई। उनकी ताजमहल यात्रा की खबर सामने आने के बाद प्रशंसकों में उत्साह रहा। दिलजीत पंजाबी संगीत और फिल्मों के लोकप्रिय चेहरों में शामिल हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)