अयोध्या में 29 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट:तेज हवा चलेगी, आसमान में बादल छाए रहेंगे, फसलों को नुकसान की आशंका

Oct 27, 2026 - 10:10
0
अयोध्या में 29 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट:तेज हवा चलेगी, आसमान में बादल छाए रहेंगे, फसलों को नुकसान की आशंका
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अर्नब' से अयोध्या मंडल समेत पूर्वांचल पर इसका असर पड़ेगा। किसानों को फसल सुरक्षा के लिए सावधान रहने की वैज्ञानिकों द्वारा सलाह दी गई है। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र स्थित कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वेधशाला से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि तूफान के दौरान हवा की गति 115 से 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। यह 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा। इसके बाद 29 और 30 अक्टूबर को मध्य, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश और अयोध्या मंडल में 45-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे फसलों को नुकसान का खतरा है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि मौसम अनुकूल रहने पर ही पक चुके धान की कटाई करें। कटी फसल को खुले में न छोड़ें और तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखें। खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखें। मटर, मसूर और चने की बुवाई जलभराव समाप्त होने के बाद ही करें। सरसों और अलसी की बुवाई भी खेतों की स्थिति देखकर करें। सब्जियों, आलू की फसल और नर्सरी में पानी जमा न होने दें। बारिश से पहले सिंचाई, उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव रोक दें। भूसे और अन्य कृषि उत्पादों को भी सुरक्षित स्थान पर रखें। तेज हवा और गरज-चमक के दौरान खेतों में काम करने तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। पशुओं को सूखे और सुरक्षित स्थान पर रखें और उनके चारे को भीगने से बचाएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User