मऊ में 14 केंद्रों पर होगी पीईटी-2026 परीक्षा:37,440 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, डीएम ने अधिकारियों संग की बैठक

Oct 22, 2026 - 15:00
0
मऊ में 14 केंद्रों पर होगी पीईटी-2026 परीक्षा:37,440 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, डीएम ने अधिकारियों संग की बैठक
मऊ में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद में परीक्षा के आयोजन के लिए कुल 14 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। यहां छह पालियों में कुल 37,440 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी आनंद वर्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और प्रधानाचार्यों के साथ बैठक हुई। इसमें परीक्षा व्यवस्था, सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों के कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता सुनिश्चित की जाए। जिन केंद्रों पर कैमरे बंद हैं, उन्हें तत्काल चालू कराया जाए। परीक्षा से संबंधित सभी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा ड्यूटी में अधिकृत कर्मियों को ही नियमानुसार मोबाइल फोन रखने की अनुमति होगी। प्रत्येक केंद्र पर अभ्यर्थियों के बैग आदि सुरक्षित रखने की समुचित व्यवस्था की जाए। परीक्षा के दौरान अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। 14 सेक्टर और 14 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जनपद में 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 14 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और आवश्यकतानुसार सशस्त्र पुलिसकर्मियों की व्यवस्था की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए डायल-112 सेवा भी सक्रिय रहेगी। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सदस्य अशरफी आलम ने कहा कि परीक्षा शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों पर साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। तीन दिन होगी परीक्षा, हर पाली में 6,240 अभ्यर्थी पीईटी-2026 की परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा दिवस पर दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। प्रत्येक पाली में 6,240 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस प्रकार छह पालियों में कुल 37,440 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। अभ्यर्थियों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अभय पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User