एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना:बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन कल, सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होना शुरू हो गई हैं। बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल से मतदान कर्मियों को सामग्री देकर केंद्रों के लिए भेजा जा रहा है। व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे कमिश्नर शंभु कुमार ने बताया कि शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी प्रशासनिक व सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। कमिश्नर शंभू कुमार ने बताया कि बरेली-मुरादाबाद एमएलसी इलेक्शन का मतदान कल 23 तारीख को सुबह 8:00 बजे से लेकर शाम 4:00 बजे तक होगा। इस कार्य को संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो रही हैं। उन्हें बैलेट बॉक्स, बैलेट पेपर, मतदाता सूची व आवश्यक फॉर्म चेकलिस्ट से मिलान कर उपलब्ध करा दिए गए हैं। मतदान पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। हर मतदान केंद्र पर वीडियोग्राफी और माइक्रो ऑब्जर्वर की व्यवस्था की गई है, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस के तहत सभी तैयारियां पूरी हैं। जिले के 6,763 शिक्षक मतदाता करेंगे फैसला
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले भर के कुल 6,763 शिक्षक मतदाता इस चुनाव में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। समय पर प्रक्रिया पूरी कराने के उद्देश्य से पोलिंग पार्टियों को 22 अक्टूबर की सुबह से ही संबंधित बूथों के लिए रवाना किया गया। संजय कम्युनिटी हॉल में ब्रीफिंग, एडीएम ने दिए कड़े निर्देश
ड्यूटी में तैनात कार्मिकों को उनकी जिम्मेदारियां समझाने के लिए संजय कम्युनिटी हॉल में विशेष ब्रीफिंग सत्र हुआ। एडीएम संतोष कुमार सिंह ने टेबलवार तैनात मतदान कर्मियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की हिदायत दी। हर बूथ पर 4 मतदान कर्मी, माइक्रो ऑब्जर्वर और वीडियोग्राफर तैनात
प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता रखने के लिए हर पोलिंग बूथ पर 1 पीठासीन अधिकारी के साथ 3 मतदान कर्मी मौजूद रहेंगे। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने और गतिविधियों की रिकॉर्डिंग के लिए 1 माइक्रो ऑब्जर्वर तथा 1 वीडियोग्राफर की तैनाती भी की गई है। 6 सुपर जोन, 10 जोन और 22 सेक्टरों में बंटा जिला
सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से जिले को 6 सुपर जोन, 10 जोन और 22 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर और जोन में मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही हर पोलिंग पार्टी के साथ सुरक्षा के लिए 1 सब-इंस्पेक्टर और 2 आर्म्ड गार्ड तैनात किए गए हैं। बूथ के भीतर मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध
मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर सख्त पाबंदी रहेगी। मतदाताओं के फोन सुरक्षित रखवाने के लिए मुख्य गेट पर ही जमा कराने की व्यवस्था की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)