मथुरा में 1 नवंबर को लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर:जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा, कानूनी अधिकारों की भी जानकारी दी जाएगी
मथुरा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। बैठक में अधिकारियों को आगामी एक नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों और विभागीय समन्वय के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। यह शिविर रविवार को सुबह 10 बजे से डैम्पियर नगर स्थित पंचजन्य प्रेक्षागृह में आयोजित किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह ने बताया कि शिविर का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है। शिविर में समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, पुलिस, बैंकिंग संस्थानों और नगर निगम सहित विभिन्न विभागों की सहभागिता रहेगी। शिविर में लोगों को पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं, श्रम कल्याण योजनाओं, शिक्षा सहायता, बैंकिंग योजनाओं सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही विधिक विशेषज्ञ आमजन को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जागरूक करेंगे। पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को आवश्यकतानुसार कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी। बैठक में प्रशासनिक, पुलिस और चिकित्सा विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे एक नवंबर को पंचजन्य प्रेक्षागृह में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)