हरदोई में 3 दिन से लापता युवक का शव मिला:नदी में उतराते हुआ मिला, पत्नी ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
हरदोई जनपद में हरियावां थाना क्षेत्र के अब्दुलबारी गांव में रविवार सुबह घर से शौच के लिए निकले एक 40 साल के किसान का शव 3 दिन बाद मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे गांव के पास स्थित सई नदी में उतराता मिला। जिससे मौके पर सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी ने सोमवार को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव मिलने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार, अब्दुलबारी गांव के रहने वाले रामसनेही पुत्र तोले खेती करके अपने परिवार का पेट पालते थे। उनकी पत्नी किरन ने बताया कि रविवार सुबह करीब छह बजे वह रोजाना की तरह घर से शौच के लिए निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। उनकी खोजबीन शुरू हुई और नाते-रिश्तेदारों के अलावा आसपास के संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। पति का कहीं पता न चलने पर परेशान पत्नी किरन ने सोमवार को हरियावां थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस और परिजन अभी तलाश में जुटे ही थे कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीणों ने गांव के पूरब दिशा में 150 मीटर दूर सई नदी में एक शव उतराता देखा। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान गायब चल रहे रामसनेही के रूप में हुई। मृतक अपने पीछे पत्नी किरन, तीन बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है। घर के कमाऊ सदस्य की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में युवक की डूबने से मौत की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)