नहाय-खाय के साथ आज से शुरू होगा डाला छठ:चंदौली के बाजारों में बढ़ी रौनक, सूप 80 और दउरी-टोकरी 200 रुपए तक बिक रही
चंदौली में डाला छठ का तीन दिवसीय पर्व शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। पर्व को लेकर घरों में साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां चल रही हैं। वहीं, छठ घाटों, सरोवरों और तालाबों की सफाई में जिला प्रशासन के साथ स्थानीय लोग भी जुटे हैं। पर्व नजदीक आने के साथ बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। नगर और आसपास के बाजारों में सूप, दउरी, टोकरी, मिट्टी के दीये और पूजा सामग्री की दुकानें सज गई हैं। सुबह से ही खरीदारी के लिए महिलाओं और पुरुषों की आवाजाही बढ़ गई है। कुम्हार बस्तियों में व्रती महिलाएं मिट्टी के बर्तन और दीये खरीदने पहुंच रही हैं। कपड़ों की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ दिखाई दे रही है। सूप 80 और दउरी-टोकरी 200 रुपए तक चंदौली के मुख्य बाजार में सूप 70 से 80 रुपए, दउरी और टोकरी 180 से 200 रुपए तक बिक रही है। घरों और घाटों पर जलाए जाने वाले बड़े मिट्टी के दीपक 80 से 100 रुपए में मिल रहे हैं। सामान्य मिट्टी के दीये 50 से 60 रुपए सैकड़ा और डिजाइनर दीये 70 से 75 रुपए सैकड़ा बिक रहे हैं। पर्व नजदीक आने पर और बढ़ेगी खरीदारी सूप, दउरा और छठ पूजा सामग्री के विक्रेता राजेश ने बताया कि बाजार में खरीदारी शुरू हो गई है। जगह-जगह सूप, दउरी, टोकरी और मिट्टी के दीयों की दुकानें लगी हैं। पूजा सामग्री की अलग-अलग दुकानें भी खुली हैं। उन्होंने बताया कि पहले 30 से 40 रुपए में मिलने वाला सूप अब 80 रुपए से अधिक में बिक रहा है। पर्व नजदीक आने के साथ बाजार में खरीदारों की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)