अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत:घर का बड़ा बेटा था कारी इलियास, हादसे ने छीन लिया परिवार का सहारा; आरोपी फरार पुलिस ने दर्ज किया मामला तलाश जारी
श्रावस्ती के हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार 18 वर्षीय कारी इलियास फैजी की मौत हो गई थी। उनके साथी नूरे आलम सुरक्षित बच गए। बहराइच-जमुनहा राज्य मार्ग पर बदला चौकी के सामने एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। चालक वाहन लेकर फरार हो गया। शुक्रवार सुबह 11:00 बजे पुलिस विभाग ने बताया कि वहीं परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में मामला दर्ज किया है जबकि आरोपी की तलाश की जा रही है। दरअसल कारी इलियास फैजी मल्हीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत शिकारी के मजरा गणेशपुर के रहने वाले थे। मंगलवार को वह नूरे आलम के साथ बाइक से पकड़िया गांव में धार्मिक जलसे में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद दोनों घर लौट रहे थे। तभी मिर्जापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बदला चौकी के सामने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कारी इलियास गंभीर रूप से घायल हो गए। नूरे आलम को चोट नहीं आई वह बाल -बाल सुरक्षित बच गए, वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी वाहन चालक फरार हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस कारी इलियास को स्थानीय वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर ले गई। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कारी इलियास के चाचा अली अकबर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कारी इलियास परिवार में सबसे बड़े थे। उनके दो छोटे भाई और तीन छोटी बहनें हैं। उनके पिता मुंबई में रहते हैं। परिवार ने उन्हें हादसे की सूचना दे दी थी इसके बाद कारी इलियास के पिता भी घर पहुंच गए हैं।वहीं परिजनों ने फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)