निराला नगर में श्रीमद्भागवत कथा:रेलवे ग्राउंड पर देवकीनंदन ठाकुर के प्रवचन सुनने पहुंचे महापौर व विधानसभा अध्यक्ष
कानपुर में निराला नगर स्थित रेलवे ग्राउंड में 12 से 18 नवंबर तक कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। रोजाना दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक कथा हो रही है। इसमें कानपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु शामिल होकर श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण कर रहे हैं। कथा स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। कार्यक्रम का उद्घाटन कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर किया था। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और विधायक पंकज गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि भी कथा स्थल पर पहुंच चुके हैं। कथा का आयोजन स्थानीय समितियों की ओर से देवकीनंदन ठाकुर महाराज के सान्निध्य में किया जा रहा है। कथा शुरू होने से पहले कलश यात्रा निकाली गई थी। वृंदावन से आए कथावाचक का श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, बैंड-बाजे और शंखनाद के साथ स्वागत किया था। आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। आयोजकों के अनुसार, कथा के माध्यम से सनातन धर्म, धार्मिक और नैतिक मूल्यों के प्रचार के साथ गौ, गंगा और गीता के संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण की लीलाओं के प्रसंग सुनाए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)