कानपुर के राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड का सामने आया-CCTV:मीटर से निकली चिंगारी ने फ्लैट को आग की लपटों से घेरा, मेयर प्रमिला पांडे पीड़ित परिवारों से मिलीं

Nov 17, 2026 - 16:20
0
कानपुर के राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड का सामने आया-CCTV:मीटर से निकली चिंगारी ने फ्लैट को आग की लपटों से घेरा, मेयर प्रमिला पांडे पीड़ित परिवारों से मिलीं
कानपुर के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में हुए अग्निकांड का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें सोमवार सुबह 4 बजकर 48 मिनट पर अपार्टमेंट के बाहर लगे बिजली के मीटर से चिंगारी निकलती दिखाई दे रही है। कुछ ही पलों में चिंगारी आग में बदल जाती है। देखते ही देखते आग अपार्टमेंट के अंदर खड़ी बाइक और स्कूटी तक पहुंच जाती है। इसके बाद आग की लपटें तेजी से फैलने लगती हैं और पूरा अपार्टमेंट धुएं और आग से घिर जाता है। मोहल्ले के लोगों ने जब आग लगने का शोर मचाया तो अपार्टमेंट में रहने वाले कुछ लोग बाहर निकलते दिखाई दिए। लेकिन आग की लपटों और काले धुएं ने बाहर निकलने के रास्ते बंद कर दिए। कई लोग अंदर ही फंस गए। जान बचाने के लिए किसी ने खिड़की से पटरा लगाकर पड़ोस के मकानों में उतरने की कोशिश की तो कुछ लोग छज्जे पर रस्सी बांधकर नीचे उतरने का प्रयास करते नजर आए। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल महिला उर्सला अस्पताल में भर्ती है। देखिए 3 तस्वीरें… बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग राधिका अपार्टमेंट में भीषण अग्निकांड की शुरुआत बिजली के मीटर में हुए शॉर्ट सर्किट से हुई। अपार्टमेंट के बाहर लगे बिजली के मीटर में अचानक चिंगारी निकली और देखते ही देखते आग भड़क उठी। शुरुआत में पड़ोसियों ने खुद ही आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्राउंड फ्लोर पर खड़े आठ स्कूटर और तीन बाइक आग की चपेट में आ गए। वाहनों में आग लगने से एक के बाद एक धमाके हुए, जिससे पूरा मोहल्ला दहल उठा। इस बीच अपार्टमेंट की छह मंजिला इमारत में जहरीला और दमघोंटू धुआं तेजी से भरने लगा। आग की लपटें ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने लगीं। इमारत में रहने वाले 12 परिवारों के 50 से अधिक लोग अंदर फंस गए। बाहर निकलने का रास्ता धुएं और आग की वजह से बंद हो गया। 2 की मौत, कई घायल जान बचाने के लिए लोगों ने खिड़कियों से चादर और साड़ियां बांधकर नीचे उतरने की कोशिश की। पड़ोसियों ने लोहे की सीढ़ी और पटरे की मदद से भी कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसी दौरान तीसरी मंजिल से साड़ी के सहारे उतर रही राखी की पहली मंजिल से उतर रहे युवक पर जा गिरी। हादसे में राखी की मौत हो गई, जबकि युवक की रीढ़ की हड्डी टूट गई। वहीं, पांचवीं मंजिल पर रहने वाला प्रांजल जान बचाने के लिए छत पर पहुंचा, लेकिन वहां आग की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हादसे में दो लोग झुलस भी गए। हादसे की सूचना पाकर दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अंदर फंसे लोगों का रेस्क्यू किया। इस अग्निकांड ने सकरी गली में बने छह मंजिला अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण की वैधता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेयर प्रमिला पांडे पीड़ित परिवारों से मिलीं राधिका अपार्टमेंट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मेयर प्रमिला पांडे घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने हादसे में प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और घटना की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने यह भी जाना कि आग लगने के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों को किन परिस्थितियों में बाहर निकाला गया और रेस्क्यू के दौरान क्या दिक्कतें आईं। स्थानीय लोगों ने अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था और अवैध निर्माण को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User