नोएडा के बायोडायवर्सिटी पार्क में चार पेड़ काटने का आरोप:पर्यावरणविद् की शिकायत पर केस, वन विभाग की जांच में पुष्टि, नोटिस जारी कर मांगा जवाब
सेक्टर-91 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में बन रहे डियर पार्क में निर्माण कार्य के दौरान चार पेड़ काटने का मामला सामने आया है। पर्यावरणविद् विक्रांत तोंगड़ की शिकायत पर वन विभाग ने जांच की। इसमें कैजुरीना प्रजाति के चार पेड़ काटे जाने की पुष्टि हुई है। विभाग ने उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम, 1976 के तहत दादरी रेंज में केस दर्ज कर आरोपी को नोटिस जारी किया है। उससे जवाब मांगा गया है। फिलहाल मामले में विभागीय कार्रवाई चल रही है। पर्यावरण विद् विक्रांत तोंगड़ ने डियर पार्क में निर्माण के दौरान पेड़ काटे जाने की शिकायत की थी। इसके बाद वन विभाग के वन दरोगा शनि गौतम ने 6 अक्टूबर 2026 को मामले की जांच की। जांच में चार कैजुरीना के पेड़ काटे जाने की जानकारी सामने आई। विभाग ने दादरी रेंज केस संख्या 53/2026-27 दर्ज कर आरोपी को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया है। 3490 पेड़ लगाने की है योजना
वहीं प्राधिकरण की डियर पार्क में हिरणों और दूसरे वन्यजीवों को प्राकृतिक वातावरण देने के लिए 3490 पेड़ लगाने की योजना है। इसके तहत पौधों को पहले नर्सरी में तैयार किया जाएगा। 18 से 20 फीट ऊंचाई होने के बाद इन्हें पार्क में ट्रांसप्लांट किया जाएगा। पिलखन, चकरेशिया, मौलश्री, पाकड़, बॉटल ब्रश, अशोक, सेमल और कदम प्रजाति के पेड़ लगाए जाने हैं। 12 बाड़ों में विकसित होगा प्राकृतिक माहौल
करीब 30 एकड़ में विकसित हो रहे डियर पार्क में लगभग 12 छोटे-बड़े बाड़े बनाए जा रहे हैं। इनमें से नौ का निर्माण पूरा हो चुका है। प्रत्येक बाड़े में करीब 18 से 20 पौधे लगाने की योजना है, ताकि वन्यजीवों को हरियाली, छाया और प्राकृतिक वातावरण मिल सके। डियर पार्क को विकसित करने पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यहां 99 वन्यजीव रखे जाने की योजना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)