NRI को बद्दो ने दी थी धमकी, ऑडियो वायरल:रुपये नहीं देने पर हत्या की धमकी का आरोप, बातचीत में गुरुमुखी भाषा का प्रयोग

Nov 18, 2026 - 10:11
0
NRI को बद्दो ने दी थी धमकी, ऑडियो वायरल:रुपये नहीं देने पर हत्या की धमकी का आरोप, बातचीत में गुरुमुखी भाषा का प्रयोग
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पांच लाख रुपये के इनामी कुख्यात बदन सिंह बद्दो का एक बार फिर रंगदारी और धमकी से जुड़ा मामला सुर्खियों में है। अमेरिका में रह रहे मेरठ के एनआरआई कमलजीत सिंह पंवार को फोन पर धमकाने का आरोप अब ऑडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आ गया है। आरोप है कि बद्दो ने फोन पर न सिर्फ एक करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया, बल्कि भारत लौटने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। कमलजीत सिंह ने दावा किया था कि फोन करने वाले की आवाज बदन सिंह बद्दो की थी। वह उसे बचपन से जानते हैं और आवाज पहचानते हैं। यह मामला मकान पर कब्जे के विवाद से जुड़ा है। पीड़ित ने अमेरिका की पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, डीजीपी और मेरठ के पुलिस अधिकारियों से भी शिकायत की है। मकान के विवाद से शुरू हुई रंगदारी की कहानी कमलजीत सिंह पंवार करीब 30 साल से अमेरिका के कैलिफोर्निया के मैन्टेका में रह रहे हैं। उनकी पत्नी कर्मजीत कौर पंवार के नाम मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र के न्यू पंजाबीपुरा में मकान संख्या 76-ए है। कमलजीत के मुताबिक, कई साल पहले उन्होंने अपने परिचित सोहन सिंह को बिना किराया लिए मकान की देखभाल और रहने के लिए दिया था।आरोप है कि बाद में सोहन सिंह ने मकान पर बद्दो की बड़ी बहन का कब्जा करा दिया। कमलजीत का कहना है कि मकान न तो सोहन सिंह को बेचा गया और न ही उसके नाम कोई हस्तांतरण किया गया। इसी मकान को लेकर विवाद चल रहा है। 10 सितंबर को आया था धमकी फोन कमलजीत के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बदन सिंह बद्दो बताया। कमलजीत का दावा है कि वह बद्दो को बचपन से जानते हैं, इसलिए उसकी आवाज पहचान ली। आरोप है कि बातचीत के दौरान बद्दो ने सोहन सिंह को एक करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया। साथ ही चेतावनी दी कि भारत लौटने पर उनकी हत्या कर दी जाएगी। फोन पर यह भी कहा गया कि बद्दो की बहन मकान में रह रही है और बिना पैसे दिए उन्हें मकान में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। 6 मिनट 24 सेकंड का वायरल ऑडियो वायरल ऑडियो में बातचीत का मुख्य मुद्दा मेरठ स्थित मकान और एक करोड़ रुपये की मांग है। फोन करने वाला कथित तौर पर कमलजीत पर सोहन सिंह को रकम देने का दबाव बनाता सुनाई दे रहा है। भारत लौटने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी इसी बातचीत से जुड़ा है। हालांकि 6 मिनट 24 सेकंड की इस ऑडियो में दोनों पक्ष पंजाबी में बातचीत कर रहे हैं। अमेरिका में भी दर्ज कराई शिकायत कमलजीत ने इस मामले में अमेरिका के मैन्टेका पुलिस विभाग में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत की रिपोर्ट संख्या 26/04398 बताई गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डीजीपी और मेरठ के पुलिस अधिकारियों को भी ई-मेल भेजकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। कमलजीत ने कहा है कि उनकी पत्नी दो बार भारत आईं, लेकिन मकान पर कब्जे और धमकियों के चलते वहां रहने नहीं जा सकीं। 7 साल से फरार चल रहा बदन सिंह बदन सिंह बद्दो पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। वह 28 मार्च, 2019 को मेरठ में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ था। तब से उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस और एसटीएफ उसकी तलाश में सक्रिय हुई हैं। बद्दो के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया जाएगा, ऐसी भी सूचना मिल रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User