फतेहपुर में सांप डसने से छात्रा की मौत:खेत पर काम करते युवक को भी काटा, तोड़ा दम
फतेहपुर में सांप के काटने से दो अलग-अलग घटनाओं में 27 वर्षीय युवक और 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। युवक खेत में काम कर रहा था, जबकि छात्रा अपनी बहन के साथ कमरे में सो रही थी। दोनों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। खेत में काम करते समय सांप ने युवक को डसा पहली घटना खखरेरू थाना क्षेत्र के कालूपुर मजरे बसवा गांव की है। यहां के केशन के 27 वर्षीय बेटे रामबाबू को दो दिन पहले खेत में काम करते समय जहरीले सांप ने डस लिया था। परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए। उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया था। सोमवार देर शाम घर पर उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। मंगलवार सुबह 9 बजे सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सत्यपाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। सोते समय छात्रा के बाएं हाथ में सांप ने काटा दूसरी घटना जहानाबाद थाना क्षेत्र के न्योरी जलालपुर गांव की है। यहां नवाब अली की 16 वर्षीय बेटी सावनी परवीन हाईस्कूल की छात्रा थी। रविवार देर रात करीब एक बजे वह अपनी बड़ी बहन नाजनी के साथ कच्चे कमरे में सो रही थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसके बाएं हाथ में डस लिया। नींद में होने के कारण उसे तत्काल इसका पता नहीं चला। मंगलवार सुबह उठने के कुछ देर बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ी। परिजन उसे सीएचसी अमौली ले गए। डॉक्टरों ने सर्पदंश की पुष्टि करते हुए उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत से मां अनारकली का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)