पिकअप को बचाने में दो रोडवेज बसें भिड़ीं:बदायूं के जरीफनगर में दिल्ली हाईवे पर हादसा, दोनों बसों के सभी यात्री सुरक्षित

Nov 08, 2026 - 10:04
0
पिकअप को बचाने में दो रोडवेज बसें भिड़ीं:बदायूं के जरीफनगर में दिल्ली हाईवे पर हादसा, दोनों बसों के सभी यात्री सुरक्षित
बदायूं में दिल्ली हाईवे पर जरीफनगर थाना क्षेत्र में ओवरटेक के दौरान सामने से आए पिकअप वाहन को बचाने की कोशिश में दो रोडवेज बसों की भिड़ंत हो गई। दिल्ली से बदायूं लौट रही बदायूं डिपो की बस आगे चल रही बुलंदशहर डिपो की बस में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पिकअप को बचाने के चक्कर में भिड़ीं दोनों बसें हादसा गुप्ता ढाबे के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बदायूं डिपो की बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर लौट रही थी। इसी दौरान चालक ने आगे चल रही बुलंदशहर डिपो की बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। वह बस को लेकर आगे बढ़ा ही था कि विपरीत दिशा से पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पिकअप को बचाने की कोशिश में चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बदायूं डिपो की बस आगे चल रही बुलंदशहर डिपो की बस में पीछे से जा भिड़ी। यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। राहत की बात रही कि दोनों बसों में सवार किसी यात्री की जान नहीं गई। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद दूसरी बस की व्यवस्था कराई गई। इसके बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस से बदायूं रवाना किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच-पड़ताल की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User