प्रेमी के साथ 25 लाख के गहने लेकर भागी महिला:गोरखपुर में डेढ़ साल पहले शादी हुई, लैपटॉप और रुपये भी ले गई
गोरखपुर के शाहपुर इलाके के इंद्रप्रस्थपुरम कॉलोनी से एक विवाहिता घर से 25 लाख रुपये के जेवर, डेढ़ लाख रुपये नकद और दो लैपटॉप लेकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। डेढ़ साल पहले महिला की शादी हुई थी। परिजनों ने परिवार के ही दूर के रिश्तेदार पर बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाते हुए शाहपुर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जानिए पूरा मामला
शाहपुर के इंद्रप्रस्थपुरम कॉलोनी निवासी सूरज ने बताया कि उनके बड़े भाई के बेटे की शादी लगभग डेढ़ साल पहले संतकबीरनगर जिले के एक गांव निवासी खुशी सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से सब कुछ सामान्य चल रहा था। आरोप है कि बीते सोमवार की रात करीब 1:35 बजे खुशी सिंह घर में रखे लगभग 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, दो लैपटॉप, डेढ़ लाख रुपये नकद और अपने कपड़े लेकर घर से चली गई। सुबह जब परिजन जागे तो विवाहिता घर में नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद भी जब पता नहीं चला तो मायके और रिश्तेदारों से संपर्क किया गया, लेकिन वहां से भी कोई जानकारी नहीं मिली। होटल में आधे घंटे की मुलाकात की फिर भागी
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी युवक विवेक कुमार सिंह सिद्धार्थनगर के बांसी थाना क्षेत्र के मेचुका गांव का रहने वाला है। सोमवार शाम को संगम चौराहा स्थित एक होटल में आकर ठहरा था। आरोप है कि उसी शाम विवाहिता अपने ससुराल से निकलकर होटल में उससे मिलने पहुंची। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई, जिसके बाद विवाहिता वापस अपने ससुराल लौट आई। इसके बाद देर रात करीब 1:30 बजे वह चुपके से घर से निकल गई। उधर युवक भी बिना बताए होटल से फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर गुरुवार शाम पुलिस संगम चौराहे स्थित होटल पर पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों की मुलाकात की पुष्टि होने की बात सामने आ रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)