आज से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा छठ महापर्व:सहारनपुर में 36 घंटे निर्जला रहेंगे व्रती, घाटों पर तैयारियां तेज, बिहार जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग
सहारनपुर में सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू हो जाएगा। पर्व को लेकर सहारनपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में पूजा सामग्री, फल, सूप और दौरा की खरीदारी शुरू हो गई है। वहीं, मानकमऊ स्थित बड़ी नहर सहित दूसरे घाटों पर श्रद्धालु साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। छठ पर्व के लिए बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से रेलवे स्टेशन पर भीड़ बढ़ गई है। कई प्रमुख ट्रेनों में सीटों की लंबी वेटिंग चल रही है। कुछ ट्रेनों में नवंबर के अंतिम सप्ताह तक भी आरक्षित सीटें उपलब्ध नहीं हैं। छठ महापर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यता के अनुसार व्रती परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और सुखी जीवन की कामना के साथ कठिन व्रत रखते हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में शुद्धता, संयम और नियमों का विशेष महत्व होता है। पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। शुक्रवार को व्रती स्नान के बाद शुद्धता के साथ भोजन ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना पूजन किया जाएगा। इस दिन व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और अन्य प्रसाद ग्रहण करेंगी। खरना पूजन के साथ ही उनका 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। इस दौरान व्रती अन्न और जल ग्रहण नहीं करेंगी। तीसरे दिन रविवार को व्रती और श्रद्धालु नहरों, नदी और निर्धारित घाटों पर पहुंचेंगे। यहां अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। इसके बाद सोमवार सुबह चौथे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। सूर्य को सुबह का अर्घ्य देने के साथ ही व्रत का पारण होगा और चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा। इस बार कई शुभ योगों का बन रहा संयोग ज्योतिषीय गणना के अनुसार इस वर्ष छठ महापर्व पर अलग-अलग दिनों में कई शुभ योग बन रहे हैं। 13 नवंबर को मूल नक्षत्र, धृति योग और रवियोग के संयोग में नहाय-खाय से पर्व की शुरुआत होगी। 14 नवंबर को पूर्वाषाढ़ नक्षत्र और रवियोग में खरना पूजन किया जाएगा। 15 नवंबर को मुख्य निर्जला उपवास के दिन सर्वार्थ सिद्धि योग और रवियोग का संयोग रहेगा। वहीं, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के समय वृद्धि योग और सर्वार्थ अमृत सिद्धि योग बनेंगे। इस बार रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और मुख्य व्रत के दिन सर्वार्थ सिद्धि योग होने के कारण पर्व का विशेष धार्मिक महत्व माना जा रहा है। बिहार जाने वाली ट्रेनों में सीटों का संकट, 150 तक पहुंची वेटिंग छठ पर्व पर बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। सहारनपुर से होकर गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी की स्थिति है। कई ट्रेनों में 30 नवंबर तक वेटिंग चल रही है, जबकि कुछ तारीखों पर टिकट बुकिंग में रिग्रेट की स्थिति दिखाई दे रही है। ऐसे में त्योहार पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। बिहार जाने वाली चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस में 30 नवंबर तक स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 150 तक पहुंच गई है। 19 नवंबर को इस ट्रेन में रिग्रेट की स्थिति है। जननायक एक्सप्रेस में भी नवंबर के अंत तक लंबी वेटिंग चल रही है। सरयू यमुना एक्सप्रेस में 14, 18 और 21 नवंबर को सीटें उपलब्ध नहीं हैं। इसी तरह अमृतसर-हावड़ा मेल में 13 से 23 नवंबर के बीच 16 नवंबर को छोड़कर अन्य तारीखों पर रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है। त्योहार के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए इन ट्रेनों में आरक्षण मिलना बड़ी चुनौती बन गया है। पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों में भी राहत नहीं पूर्वांचल की ओर जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में भी यात्रियों को सीटों के लिए जूझना पड़ रहा है। बेगमपुरा एक्सप्रेस में 13 से 23 नवंबर तक 20 नवंबर को छोड़कर अन्य तारीखों पर रिग्रेट है। गंगा सतलुज एक्सप्रेस में 13 से 24 नवंबर तक 23 नवंबर को छोड़कर सीटें उपलब्ध नहीं हैं। अमरनाथ एक्सप्रेस में 18 और 25 नवंबर को रिग्रेट की स्थिति है। वहीं, कोलकाता एक्सप्रेस में 13 से 30 नवंबर तक वेटिंग चल रही है। श्री माता वैष्णो देवी-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस में 19 और 26 नवंबर को वेटिंग है। त्योहार नजदीक आने के साथ ही ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है। सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बिहार और पूर्वांचल जाने वाले लोग आरक्षित टिकट के लिए परेशान नजर आए। ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता कम होने से यात्रियों को अपनी यात्रा की तारीख और ट्रेन के विकल्प में बदलाव करना पड़ रहा है। बिहार जाने वाली प्रमुख ट्रेनें और सीटों की स्थिति पूर्वांचल जाने वाली प्रमुख ट्रेनें और सीटों की स्थिति
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)