प्रयागराज में कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका:पुलिस छीनने में नाकाम रही, कार्यकर्ताओं ने लातों से कुचला और जलाया
प्रयागराज मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन के तहत सोमवार को प्रयागराज में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पहले बालासन चौराहे पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरना दिया और भाजपा तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में जिला कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। रैली आगे बढ़ी ही थी कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अचानक ज्ञानेश कुमार का पुतला निकाल लिया और उसे सड़क पर जलाना शुरू कर दिया। पुतला जलाए जाने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसे छीनने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच पुतला छीनने को लेकर काफी देर तक नोकझोंक होती रही। हालांकि पुलिस पुतला नहीं छीन सकी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसे पूरी तरह जला दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता जलते हुए पुतले को लातों से कुचलते भी नजर आए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने कहा कि कांग्रेस देशभर में चुनाव की निष्पक्षता और वोट की सुरक्षा को लेकर आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कई मौकों पर चुनाव में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे उठाए हैं। उज्ज्वल रमण सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का गठन चुनाव की शुचिता बनाए रखने और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भी चुनाव से पहले वोट काटे जाने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि पार्टी राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में वोट की सुरक्षा के मुद्दे पर आंदोलन जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। पुतला फूंकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई नोकझोंक के चलते मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल भी रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)