पत्नी से विवाद के बाद युवक-का शव तालाब में मिला:गुस्से में घर से निकला था, कुछ देर बाद मिला शव
हरदोई में संडीला कोतवाली क्षेत्र के मुरारनगर में दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पत्नी से मामूली घरेलू विवाद के बाद घर से निकले 38 वर्षीय मजदूर का शव सोमवार की सुबह करीब 8:30 बजे गांव के बाहर एक तालाब में उतराता हुआ मिला। इस अचानक हुई दुर्घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है और पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से कासिमपुर थाने के अंतर्गत आने वाले गड़रियन खेड़ा (नेवादा) गांव निवासी 38 वर्षीय मान सिंह पुत्र रामप्रसाद अपने परिवार की बेहतर आजीविका के लिए बच्चों की खातिर संडीला कोतवाली क्षेत्र के मुरारनगर में किराए का मकान लेकर रहते थे और मजदूरी करते थे। उनके परिवार में उसकी पत्नी तारावती और पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा बताया गया कि शनिवार की शाम किसी घरेलू बात को लेकर मान सिंह और उसकी पत्नी तारावती के बीच किसी बात पर तीखी कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के बाद गुस्से में मान सिंह घर से बाहर निकल गए और रातभर वापस नहीं लौटे। इसके बाद से पत्नी तारावती अपने मासूम बच्चों के साथ मिलकर लगातार आसपास उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन उनका कहीं कुछ पता नहीं चल सका। सोमवार की सुबह जब ग्रामीण गांव के बाहर स्थित तालाब की ओर गए, तो उन्होंने पानी में एक शव उतराते हुए देखा। यह खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। छानबीन के दौरान मृतक की शिनाख्त मान सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)