पूर्व उप सेना प्रमुख को सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि:देवरिया में आज अंतिम संस्कार होगा, BJP से दो बार सांसद रहे
देवरिया में सोमवार को सीएम योगी ने पूर्व उप सेना प्रमुख और देवरिया के पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को श्रद्धांजलि दी। रविवार को उनका निधन हो गया था। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सुबह करीब 11:15 बजे अंतिम सांस ली। सोमवार सुबह 10 बजे उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव बरपार पहुंचा। भाजपा नेताओं समेत लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए जुटे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 12:35 बजे गांव पहुंचें और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पार्थिव शरीर को स्वराज स्थित सरयू घाट ले जाया जाएगा। उनके पुत्र और देवरिया के वर्तमान सांसद शशांक मणि त्रिपाठी उन्हें मुखाग्नि देंगे। 1971 के युद्ध में बांग्लादेश मोर्चे पर निभाई थी जिम्मेदारी श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का सैन्य जीवन कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों से भरा रहा। 30 जून 1935 को जन्मे श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी ने जून 1955 में भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया था। करीब 38 वर्षों के सैन्य जीवन में उन्होंने जम्मू-कश्मीर से लेकर पूर्वोत्तर भारत तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उनकी शुरुआती तैनाती जम्मू-कश्मीर में हुई थी। फरवरी 1957 में वह 63 कैवलरी से जुड़े। वर्ष 1964-65 में नागालैंड में स्क्वाड्रन कमांडर के रूप में जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान बांग्लादेश मोर्चे पर तैनात रहे। युद्ध के बाद वर्ष 1976 में मिजोरम में उग्रवाद विरोधी अभियानों में भी उन्होंने सेवाएं दीं। सेना में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे सैन्य सेवा के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। वर्ष 1982 में वह 3 (आई) आर्मर्ड ब्रिगेड के कमांडर बने। वर्ष 1985 से 1988 तक आर्मर्ड डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) रहे। इसके बाद वर्ष 1988 से 1990 तक रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में कॉम्बैट व्हीकल्स के महानिदेशक की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 1990 से 1992 तक उन्होंने द्वितीय कोर की कमान संभाली। इसके बाद वर्ष 1992 में सेना के उप प्रमुख बने। सैन्य क्षेत्र में उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए वर्ष 1986 में अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) और वर्ष 1992 में परम विशिष्ट सेवा मेडल (पीवीएसएम) से सम्मानित किया गया। मार्च 1993 में वह सैन्य सेवा से सेवानिवृत्त हुए। दो बार सांसद बने, देवरिया में भाजपा को दिलाई संसदीय पहचान सेना से सेवानिवृत्ति के बाद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी ने राजनीति में कदम रखा। भाजपा ने वर्ष 1996 के लोकसभा चुनाव में उन्हें देवरिया सीट से प्रत्याशी बनाया। उन्होंने चुनाव जीतकर 11वीं लोकसभा में जिले का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत हासिल की और 13वीं लोकसभा के सदस्य बने। इस तरह लगातार दो बार सांसद निर्वाचित होकर उन्होंने देवरिया की राजनीति में अपनी पहचान बनाई। उन्हें देवरिया से भाजपा का पहला सांसद बनने का गौरव भी प्राप्त था। सैन्य अनुशासन और प्रशासनिक अनुभव के साथ उन्होंने सार्वजनिक जीवन में भी अपनी भूमिका निभाई। पिता को बताया जीवन का सबसे बड़ा संबल उनके निधन पर जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों और सामाजिक संगठनों ने शोक जताया। सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने पिता को अपना मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और जीवन का सबसे बड़ा संबल बताया। उनके निधन को जिले के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, रहज में सरयू नदी के किनारे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)