राहुल की रैली में UP 50 हजार कांग्रेसी होंगे शामिल:6 जोन और 75 जिलों से जाएंगे कार्यकर्ता, आराधना मिश्रा ने संभाला कंट्रोल रूम
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश के सभी 6 जोन और 75 जिलों से कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने खुद तैयारियों की कमान संभाल रखी है। लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से सभी जिलों की तैयारियों की निगरानी की जा रही है। कांग्रेस का दावा है कि उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और लोकतंत्र समर्थक नागरिक दिल्ली पहुंचेंगे। पार्टी ने जिला अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं, फ्रंटल संगठनों और विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। दिल्ली स्थित केंद्रीय वार रूम से राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी संगठन केसी वेणुगोपाल भी राज्यों में रैली की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। 75 जिलों में बैठकें, वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने बताया कि पश्चिम, बृज, अवध, बुंदेलखंड, प्रयाग और पूर्वांचल समेत सभी 6 जोन में संगठनात्मक बैठकें की जा चुकी हैं। 75 जिलों के जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय बनाकर कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने की योजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भागीदारी इस महारैली को ऐतिहासिक बनाएगी। पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों को भी सक्रिय किया गया है। जिला स्तर पर वरिष्ठ नेताओं को तैयारियों की निगरानी और कार्यकर्ताओं से संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है। पश्चिमी यूपी में इमरान मसूद, पूर्वांचल में देवेंद्र और आलोक को जिम्मेदारी रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद पश्चिमी यूपी में मोर्चा संभाल रहे हैं। पार्टी के मुताबिक, वह अब तक 30 से अधिक संगठनात्मक बैठकें कर चुके हैं। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश से कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने की जिम्मेदारी वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को दी गई है। दोनों नेता जोन और जिला स्तर पर बैठकें कर रहे हैं। इमरान मसूद ने भी पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों का दौरा कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों से दिल्ली पहुंचने की अपील की है। राजेंद्र पाल गौतम बोले- राहुल गांधी के नेतृत्व में ही बचेगा संविधान और लोकतंत्र प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि 'वोट बचाओ, देश बचाओ' सिर्फ रैली का नारा नहीं, बल्कि देश के संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का संकल्प है। वोट जनता की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक ताकत है। इसकी रक्षा करना हर जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में ही देश का संविधान और लोकतंत्र बचेगा। कांग्रेस संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के उत्साह के साथ इस अभियान को जनभागीदारी का रूप देने में जुटी है। राजेंद्र पाल गौतम ने सिविल सोसाइटी, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्धजनों से भी संवाद कर उन्हें रैली में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए सुप्रीम कोर्ट मार्च में भी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया था। रामलीला मैदान से मताधिकार की आवाज उठाएगी कांग्रेस आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में उत्तर प्रदेश से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और लोकतंत्र समर्थक नागरिकों की बड़ी भागीदारी होगी। उन्होंने कांग्रेसजनों से पूरी एकजुटता और अनुशासन के साथ रैली में शामिल होने की अपील की। कांग्रेस का कहना है कि इस महारैली के जरिए मताधिकार की सुरक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती और जनता के संवैधानिक अधिकारों का मुद्दा उठाया जाएगा। पार्टी का फोकस उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)