रामपुर में कुत्तों के झुंड ने बच्ची पर किया हमला:दो बच्चों को बनाया निशाना, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
रामपुर में मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर ताराजी नगर क्षेत्र के बागरौआ गांव में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार शाम करीब चार बजे कुत्तों के झुंड ने पांच साल की बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में डॉक्टर इमरान ने भर्ती कर उपचार शुरू किया। घायल बच्ची की पहचान आयशा नूर (5) के रूप में हुई है। उसके पिता हाफिज सगीर ने बताया कि उनकी बेटी गांव की जनरल स्टोर की दुकान पर चॉकलेट लेने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में बच्ची घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। एक दिन पहले 10 वर्षीय बच्चे पर किया था हमला हाफिज सगीर के मुताबिक, गांव में कुत्तों के हमले की यह पहली घटना नहीं है। गुरुवार को भी गांव निवासी आरिफ के 10 वर्षीय बेटे असद पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर घायल कर दिया था। असद घर के सामने खड़ा था, तभी कुत्तों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। एक दिन के अंतराल में दो बच्चों पर हमले से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि कुत्तों के झुंड के कारण बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने में भी डर लगने लगा है। उन्हें आशंका है कि समय रहते कुत्तों को पकड़ने की व्यवस्था नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हाफिज सगीर ने बताया कि पहले इस संबंध में कोई शिकायत नहीं की गई थी, लेकिन अब वह जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत करेंगे। ग्रामीणों ने भी आवारा कुत्तों को पकड़ने और समस्या से निजात दिलाने के लिए कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)