रंगदारी और मारपीट के दोषी को 3 साल की सजा:हमीरपुर में कोर्ट ने 14 हजार रुपए का लगाया जुर्माना
हमीरपुर में रंगदारी मांगने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के करीब 15 साल पुराने मामले में मंगलवार को एससी-एसटी कोर्ट ने फैसला सुनाया। विशेष न्यायाधीश रनवीर सिंह ने आरोपी ओमप्रकाश यादव को दोषी ठहराते हुए तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने अलग-अलग धाराओं में कुल 14 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। सरकारी वकील विजय सिंह ने बताया कि राठ थाना क्षेत्र के अरुण कुमार ने 14 जून 2011 को पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि शाम करीब तीन बजे वह अपने बेटे नरेंद्र कुमार और बहू मीरा के साथ घर पर बैठे थे। तभी पुरानी रंजिश को लेकर मोहल्ले का ओमप्रकाश यादव अपने बेटे राकेश कुमार उर्फ संतोष और दो अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे। शिकायत के अनुसार, ओमप्रकाश ने तमंचा दिखाकर जातिसूचक गालियां दीं और 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी। इसी दौरान संतोष उर्फ राकेश ने अरुण कुमार को थप्पड़ मार दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग बचाव के लिए पहुंचे तो चारों आरोपी गाली-गलौज और जानमाल की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। अलग-अलग धाराओं में सुनाई सजा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना की और आरोपपत्र अदालत में दाखिल किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाह और साक्ष्य पेश किए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने ओमप्रकाश यादव को विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराया। अदालत ने धारा 387 में तीन साल के सश्रम कारावास और तीन हजार रुपये जुर्माने, धारा 323 में एक साल की सजा और एक हजार रुपए जुर्माने, धारा 504 में दो साल की सजा और दो हजार रुपये जुर्माने तथा धारा 506(2) में दो साल के कारावास और दो हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। इसके अलावा एससी-एसटी अधिनियम की धारा 3(1)(10) और संबंधित अन्य अधिनियम के तहत भी तीन-तीन साल के सश्रम कारावास और तीन-तीन हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। अदालत ने सभी सजाओं को साथ-साथ चलाने का आदेश दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)