सभी जिलों में मतदाता सूची की जांच होगी:पीलीभीत की मतदाता सूची में गड़बड़ी मिली, ईआरओ और वीआरसी ऑपरेटर को हटाया, दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा
प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान हुई गड़बड़ियों के विरोध का असर दिखने लगा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बुधवार को पहली बार पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में हुई गड़बड़ियों को स्वीकार किया है। उन्होंने मामले में दोषी कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की ओर से एसआईआर की मतदाता सूची में गड़बड़ियों की शिकायत की है। दोनों राजनीतिक दलों ने एसआईआर की मतदाता सूची में ग़ड़बड़ी के प्रमाण भी दिए हैं। इसके बाद आयोग और सीईओ दफ्तर हरकत में आया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 127-पीलीभीत विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के नाम के इपिक नम्बर पर किसी अन्य मतदाता का विवरण प्रदर्शित होने संबंधी शिकायत मिली थी। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आज प्रकरण की जांच जिला निर्वाचन अधिकारी, पीलीभीत से करायी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जांच रिपोर्ट में शिकायत सही पाई गई है। मतदाता सूची की जांच के बाद पाया गया कि कुछ मतदाताओं के इपिक नम्बर को ऑनलाइन सर्च करने पर किसी अन्य मतदाता का विवरण प्रदर्शित होता पाया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा इस प्रकार की त्रुटियों को तत्काल ठीक करने एवं विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र 127-पीलीभीत के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा वीआरसी ऑपरेटर को मतदाता सूची के कार्य से तत्काल हटाने के निर्देश दिए है। साथ ही उन दोनों के खिलाफ जाने तथा उनके विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-32 एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत विधिक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं। दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब भी तलब किया है। साथ ही पीलीभीत विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के उत्तरदायित्व के संबंध में स्पष्ट आख्या उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीलीभीत के समस्त विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की इस बिन्दु पर गहनता से जांच कर विस्तृत आख्या दो दिवस में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिला जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए उनके जिले में समस्त विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की इस बिन्दु पर गहनता से जांच कर दो दिवस में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)