सहारनपुर में पिता-बेटी को जलाने का आरोपी अरेस्ट:11 महीने बाद पुलिस ने गांव से पकड़ा, बेटे ने दो लोगों पर जताया था शक

Nov 01, 2026 - 17:13
0
सहारनपुर में पिता-बेटी को जलाने का आरोपी अरेस्ट:11 महीने बाद पुलिस ने गांव से पकड़ा, बेटे ने दो लोगों पर जताया था शक
सहारनपुर के दूधगढ़ गांव में पिता और बेटी को आग में झुलसाने के मामले में पुलिस ने करीब 11 महीने बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अदालत से वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने रविवार दोपहर तीन बजे गांव में दबिश देकर इरशाद को पकड़ा। मामले का दूसरा आरोपी अभी पुलिस की कार्रवाई के दायरे में है। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है। थानाध्यक्ष अक्षय शर्मा ने बताया कि इरशाद को अदालत से जारी वारंट के आधार पर पकड़ा गया है। मुकदमे में बीएनएस की धारा 326(जी) भी लगाई गई है। मामला 7 दिसंबर 2025 की रात का है। दूधगढ़ गांव के कादिर ने पुलिस को बताया था कि वह अपने भाई शाहजाद के साथ लुधियाना में रहकर सिलाई का काम करता है। घटना वाली रात करीब तीन बजे गांव के शादाब ने फोन कर उसे घर में आग लगने की सूचना दी थी। आग में कादिर के पिता और बहन शाहजहां गंभीर रूप से झुलस गए थे। दोनों को इलाज के लिए पिलखनी स्थित पीजीआई में भर्ती कराया गया था। कादिर ने गांव के इरशाद पुत्र जमशेद और राशिद पुत्र इनाम पर घर में आग लगाने का शक जताया था। उसने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। चिलकाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर 8 दिसंबर 2025 को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मुकदमा दर्ज होने के बाद से इरशाद पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। रविवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अक्षय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दूधगढ़ गांव में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद कोर्ट में पेश करेगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसआई विमल कुमार सैनी, हेड कांस्टेबल मोहित शर्मा और कांस्टेबल गोपाल सोलंकी शामिल थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User