सहारनपुर में 400 आवेदकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला:मेगा विधिक सहायता शिविर हुआ, नए आवेदक भी चिह्नित किए
सहारनपुर में रविवार सुबह 10 बजे मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर लगाया गया। इसमें करीब 400 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। नए आवेदकों को भी चिह्नित किया गया, ताकि पात्रता जांच के बाद उन्हें योजनाओं से जोड़ा जा सके। दिल्ली रोड स्थित एक विद्यालय परिसर में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने शिविर लगाया। जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया। प्रमाण पत्र और उपकरण बांटे, स्वास्थ्य जांच भी हुई शिविर में स्वास्थ्य, ग्राम विकास, प्रशासन समेत कई विभागों ने स्टॉल लगाए। यहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और जरूरी उपकरण वितरित किए गए। आधार कार्ड बनाने और मुफ्त स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था भी रही। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और शिकायतें दर्ज कीं। जिला जज मनोज कुमार राय ने कहा कि शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन ने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में लगाया है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाना है। शिविर में मिली शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी जाएंगी, ताकि तय समय में उनका निस्तारण हो सके। नए आवेदकों की पात्रता जांची जाएगी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आशुतोष तिवारी ने बताया कि शिविर के लिए पहले से करीब 400 लाभार्थियों की सूची तैयार की गई थी। उन्हें मौके पर योजनाओं का लाभ दिया गया। नए आवेदकों को भी चिह्नित किया गया है। उनकी पात्रता की जांच कर जल्द लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और सभी को न्याय सुलभ कराना है। उन्होंने लोगों से पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)