श्रावस्ती में जंगली जानवर के वीडियो से दहशत:आम के बाग में दिखा तेंदुए की शक्ल का जानवर, वन विभाग ने आधी रात तक की कांबिंग

Oct 27, 2026 - 09:37
0
श्रावस्ती में जंगली जानवर के वीडियो से दहशत:आम के बाग में दिखा तेंदुए की शक्ल का जानवर, वन विभाग ने आधी रात तक की कांबिंग
श्रावस्ती मल्हीपुर क्षेत्र में आम के बाग में जंगली जानवर दिखाई देने की खबर से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बाग में जानवर की चहलकदमी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीण उसे तेंदुआ बता रहे हैं। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में कांबिंग शुरू कर दी। सोमवार देर रात करीब 12 बजे तक टीम इलाके में गश्त कर जानवर की मौजूदगी का पता लगाने में जुटी रही। रिहायशी बस्ती के पास जंगली जानवर दिखाई देने की खबर से ग्रामीण अपने बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया स्थानीय लोगों ने दूर से जानवर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया और अन्य ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की। हालांकि, वायरल वीडियो में तेंदुए जैसा दिखाई दे रहे जानवर की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। वन दरोगा तौफीक खान ने बताया कि रात के समय बनाए गए वीडियो में जानवर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में उसके तेंदुआ होने की पुष्टि नहीं की जा सकती। यह फिशिंग कैट (मछली पकड़ने वाली जंगली बिल्ली) भी हो सकती है, जो देखने में तेंदुए जैसी लगती है। फिलहाल वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना मुश्किल है। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर की जांच सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे रात के समय अकेले बागों और खेतों की ओर न जाएं तथा बच्चों को सुरक्षित रखें। जंगली जानवर दिखाई देने पर उसके करीब जाने, घेरने या भगाने की कोशिश न करें। वीडियो बनाने के लिए भी जोखिम न उठाएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। फिलहाल क्षेत्र में जंगली जानवर की पहचान और उसकी मौजूदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। वन विभाग की निगरानी के बीच ग्रामीणों में भय बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User