शुभ योगों में भाई दूज आज:मान्यता- बहन के तिलक से दूर होता है भाई का भय, यमराज और यमुना से जुड़ी है इस पर्व की कथा
आज (11 नवंबर) भाई दूज है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर यह पर्व मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। भाई भी बहनों को उपहार देकर जीवनभर उनकी रक्षा और साथ निभाने का वचन देते हैं। इस बार भाई दूज पर कई शुभ संयोग बन रहे हैं। खास बात यह है कि 11 नवंबर को सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग का योग भी रहेंगे। दोनों योग सुबह के समय बनेंगे। द्वितीया तिथि 10 नवंबर की दोपहर 2 बजे से शुरू हो गई थी, जो कि आज 11 नवंबर की दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक है। उदया तिथि की मान्यता के चलते भाई दूज आज मनाया जाएगा। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक, सर्वार्थ सिद्धि योग में किए गए कार्यों में सफलता जल्दी मिलती है, ऐसी मान्यता है। वहीं अमृत सिद्धि योग को भी शुभ माना गया है। भाई दूज पर यमुना नदी में स्नान करने का भी महत्व है। क्यों मनाया जाता है भाई दूज? भाई दूज को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर भोजन करने पहुंचे थे। पौराणिक कथा के अनुसार, सूर्यदेव और उनकी पत्नी संज्ञा के दो संतानें थीं- यमराज और यमुना। दोनों भाई-बहन में बहुत प्रेम था। यमुना हमेशा चाहती थीं कि उनके भाई यमराज उनके घर आएं, लेकिन अपने काम में व्यस्त रहने के कारण यमराज उनसे मिलने नहीं जा पाते थे। एक दिन कार्तिक शुक्ल द्वितीया को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। बहन ने उनका आदर-सत्कार किया, माथे पर तिलक लगाया और स्वादिष्ट भोजन कराया। यमराज ने प्रसन्न होकर यमुना से वरदान मांगने को कहा। यमुना ने वर मांगा कि हर साल इस दिन यमराज उनके घर आया करें और जो भाई इस दिन अपनी बहन से तिलक करवाए, उसे सुख-समृद्धि और दीर्घायु का आशीर्वाद मिले। यमराज ने यह वरदान स्वीकार कर लिया। तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को भाई दूज मनाने की परंपरा शुरू हुई। कैसे करें भाई दूज की पूजा? भाई दूज के दिन घर के मंदिर में भगवान गणेश, विष्णु और यमराज का स्मरण करें। इसके बाद पूजा की थाली तैयार करें। पूजा की थाली में ये चीजें रख सकते हैं: इसके बाद बहन भाई को चौकी या आसन पर बैठाए। उसके माथे पर रोली और चावल से तिलक लगाए। भाई की आरती उतारे और उसकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य तथा सुख-समृद्धि की प्रार्थना करे। इसके बाद भाई को मिठाई खिलाए। भाई अपनी बहन को उपहार, वस्त्र या अपनी सामर्थ्य के अनुसार कुछ भेंट देता है। दोनों एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लेते हैं। कई परिवारों में भाई इस दिन बहन के घर भोजन भी करते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)