‘मुसलमानों को दूर करना ब्राह्मणों की भूल थी’:क्या फिर साथ होंगे ब्राह्मण-मुस्लिम, प्रशांत किशोर को मिल गया जीत का फॉर्मूला?

Nov 11, 2026 - 05:11
0
‘मुसलमानों को दूर करना ब्राह्मणों की भूल थी’:क्या फिर साथ होंगे ब्राह्मण-मुस्लिम, प्रशांत किशोर को मिल गया जीत का फॉर्मूला?
प्रशांत किशोर ने कहा कि ब्राह्मण पहले मुसलमानों के समर्थन से चुनाव जीतते थे, लेकिन सांप्रदायिक राजनीति के कारण उन्होंने मुसलमानों को अपने से दूर कर लिया है। BJP के हिंदुत्व के साथ जाना और मुसलमानों को नाराज करना ब्राह्मणों की राजनीतिक समझदारी नहीं थी। प्रशांत किशोर का यह भाषण अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है। क्या वाकई मुसलमानों के अलग होने से ब्राह्मण हाशिए पर गए, प्रशांत किशोर ब्राह्मण-मुस्लिम एकता की बातें क्यों कर रहे, क्या दोनों फिर एक होंगे, समझेंगे; आज के एक्सप्लेनर बूझे की नाही में...। सवाल-1ः प्रशांत किशोर ने ब्राह्मणों को लेकर क्या कहा? जवाबः 5 नवंबर को दरभंगा के महिनाम गांव में हुई मैथिल बुद्धिजीवी विचार संगोष्ठी में जनसुराज के सूत्रधार और विधायक प्रशांत किशोर ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने ब्राह्मणों को संबोधित करते हुए कहा… ‘पिछले 15 सालों से इस इलाके में ब्राह्मण समाज के ही विधायक और सांसद चुनकर आ रहे हैं, फिर भी ब्राह्मण समाज आज कष्ट और परेशानियों में क्यों जी रहा है? केवल अपने समाज का प्रतिनिधि चुनने से समाज का विकास होता तो आज आपको कोई कष्ट नहीं होना चाहिए था। लेकिन है। आपके पूर्वज यहां राज किया करते थे। किसी ने मुझे बताया कि यहां कांग्रेस का कोई नेता विधायक हुआ करता था। लोकतंत्र में आपको यह देखना पड़ता है कि आपको कितने वोट मिलेंगे। आप अपनी आबादी तो बढ़ा नहीं सकते, लेकिन चुनाव जीतने के लिए वोटों का हिसाब तो लगा सकते हैं। आपने मां सरस्वती का साथ कैसे छोड़ दिया, यह मैं आपको एक उदाहरण से समझाता हूं। आप खुद को ज्ञानी कहते हैं। आपको पता है कि चुनाव जीतने के लिए वोट चाहिए। आप अपनी आबादी नहीं बढ़ा सकते, लेकिन आपके पूर्वजों ने ऐसी व्यवस्था बनाई थी कि 20% मुसलमान आपको वोट देते थे। लेकिन आपने क्या किया? आपने BJP का झंडा उठा लिया और उसके साथ चलने लगे। नतीजा यह हुआ कि 20% मुसलमान आपसे दूर होकर दूसरी तरफ चले गए। अब आप परेशान हैं कि चुनाव कैसे जीतेंगे? अब मेरी बात ध्यान से समझिए। क्या मुसलमानों से आपकी लड़ाई आरक्षण को लेकर है? या जमीन को लेकर है? आखिर लड़ाई किस बात की है? आप कभी सांप्रदायिक दंगे करने नहीं गए। आप तो एक चींटी तक नहीं मार सकते। लेकिन BJP के समर्थक बनकर फेसबुक पर मुसलमानों को गालियां लिखते हैं। इसका नतीजा क्या हुआ? जिन लोगों के वोटों से आप राजा बनते थे, वही आपसे दूर हो गए। आप खुद को बुद्धिजीवी कहते हैं। लेकिन यह कैसी बुद्धिमानी है? यह कैसा ज्ञान है? आजकल अत्यंत पिछड़ी जातियों (EBC) की बहुत चर्चा हो रही है। हाल के दिनों में यही जातियां राजनीति की दिशा तय कर रही हैं। आपके पूर्वजों ने इन जातियों को अपने साथ रखा था या नहीं? क्या उन्हें अपने साथ बैठाया था? क्या पंडित जी के साथ नाई जी को भी सम्मान दिया जाता था या नहीं? आखिर ऐसी व्यवस्था क्यों बनाई गई थी? लेकिन अब एक नई व्यवस्था बनाई जा रही है। आपको नई-नई बातें सिखाई जा रही हैं। एक व्यक्ति ने मुझसे कहा कि वह दूसरे परशुराम हैं। अरे भाइयों! इस गलत रास्ते पर मत चलिए। आपकी ताकत कलम है। आपकी ताकत मां सरस्वती हैं। आप फरसा चलाने वालों में से नहीं हैं। परशुराम और फरसा उठाने की बात एक खास संदर्भ में कही गई थी। यह आपका स्वभाव नहीं है। आपके समाज के लोग भी परशुराम जयंती मनाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन जब आपका बच्चा पढ़ाई नहीं करेगा, तो फरसा चलाने से उसका पेट नहीं भरेगा। इससे आपका भी विनाश होगा। आप विनाश के रास्ते पर जा रहे हैं। मेरी आपसे बस इतनी अपील है कि अपनी बुद्धि का इस्तेमाल कीजिए। आपकी ताकत आपकी समझ और ज्ञान है। आपकी ताकत आंदोलन करना या फरसा उठाना नहीं है। जो 18 प्रतिशत लोग बिना किसी खास कोशिश के आपके साथ थे, आपको गुरुजी कहकर बुलाते थे और अपने वोटों से आपको सत्ता की कुर्सी पर बैठाते थे, आज आप उन्हीं लोगों को फेसबुक पर गालियां दे रहे हैं। आपने उस व्यक्ति को पाकिस्तानी कहकर अपने से दूर कर दिया। और आप खुद को बुद्धिजीवी कहते हैं। फिर आप चुनाव कैसे जीतेंगे?’ सवाल-2ः क्या वाकई मुसलमानों के अलग होने से ब्राह्मण हाशिए पर गए? जवाबः बिहार के राजनीतिक इतिहास को देखें तो प्रशांत किशोर की बातें सही है। ब्राह्मणों को राजनीतिक रूप से हाशिए पर ले जाने में 1989 के भागलपुर दंगे का बड़ा हाथ है। इसे सिलसिलेवार तरीके से जानिए… फिर कभी बिहार में सवर्ण CM नहीं बना मार्च 1990 में बिहार में चुनाव हुए। 1985 में 196 सीटें जीतने वाली कांग्रेस महज 71 सीटों पर सिमट गई। यानी कांग्रेस अपनी 64% सीटें हार गई। भागलपुर जिले में तो कांग्रेस का खाता ही नहीं खुला। जबकि, पिछले चुनाव में उसने यहां की 7 में से 5 सीटें जीत ली थीं। दरअसल, आजादी के बाद से ही ब्राह्मण, मुस्लिम और दलित कांग्रेस के कोर वोटर्स माने जाते थे। सियासी भाषा में इसे कांग्रेस की सोशल इंजीनियरिंग कहा जाता था। इसी के बल पर कांग्रेस ने बिहार में लगभग 40 साल राज किया। अक्टूबर 1990 में लालू ने BJP नेता लालकृष्ण आडवाणी की बिहार में रथयात्रा रोक दी और गिरफ्तार भी करवा दिया। यहां से मुस्लिम लालू की तरफ शिफ्ट हो गए। 90 के दशक में बिहार में जातीय नरसंहार भी खूब हुए। इनमें ज्यादातर नरसंहारों में दलित मारे गए। ऐसे में दलित भी लालू की तरफ आ गए। इधर, मंडल कमीशन के बाद BJP खुलकर हिंदुत्व कार्ड खेल रही थी। रथ यात्रा निकाल चुकी थी। फिर बाबरी मस्जिद का विवादित ढांचा भी गिरा दिया गया। इससे सवर्ण वोटर्स BJP की तरफ शिफ्ट हो गए। इस तरह कांग्रेस के तीनों कोर वोटर्स छिटकते चले गए। कांग्रेस बिहार में फिर कभी मुख्य विपक्षी पार्टी भी नहीं बन पाई। आंकड़े इसकी गवाही भी देते हैं। 1990 के बाद बिहार में 8 चुनाव हो चुके हैं। कांग्रेस का बेस्ट परफॉर्मेंस है 29 सीट का, वो भी उसने 1995 में जीती थी, तब बिहार में 354 सीटें हुआ करती थीं। कांग्रेस के पतन के साथ ही राज्य में ब्राह्मणों सहित सवर्णों की राजनीतिक हैसियत घट गई। उसके बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी तक कोई नहीं पहुंचा। सवाल-3ः प्रशांत किशोर अचानक ब्राह्मण-मुस्लिम एकता की बातें क्यों करने लगे? जवाबः पहली नजर में देखें तो प्रशांत किशोर बिहार के पारंपरिक राजनीतिक ध्रुवीकरण (मंडल बनाम कमंडल) को तोड़ना चाहते हैं। दरअसल, 1990 के दशक में लालू प्रसाद यादव और मंडल राजनीति के उभार से पहले बिहार में कांग्रेस का शासन ब्राह्मण+मुस्लिम+ दलित गठबंधन के मजबूत आधार पर टिका था। प्रशांत किशोर उसी ऐतिहासिक और गैर-जातीय गठजोड़ को नए रूप में जीवित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बात सिर्फ इतनी नहीं है, इसके पीछे 3 बड़े कारण हैं… 1. UGC से सवर्ण नाराज, उनको BJP से तोड़ना आसान आज की राजनीतिक परिस्थिति में UGC रेगुलेशन और अपने समाज की उपेक्षा के कारण सवर्ण समाज BJP से नाराज चल रहा है। इसका रिफलेक्शन बांकीपुर उपचुनाव और हाल में हुए MLC चुनाव में साफ दिखा। बांकीपुर में सवर्ण वोटर BJP से छिटक गए और प्रशांत किशोर जीत गए। वहीं, MLC चुनाव में सारी ताकत लगाने के बाद भी NDA सिर्फ 3 सीटें जीत पाया। 2 BJP और 1 JDU। जबकि, नई नवेली जन सुराज पार्टी 2 सीटें जीती। ‘द हिन्दू’ के एडिटर वर्गीस के. जॉर्ज अपने लेख में लिखते हैं…, 'BJP की राजनीति में आमतौर पर सवर्ण जातियों, खासकर ब्राह्मणों को पार्टी का पक्का वोटर माना जाता है। 1990 के दशक की शुरुआत में ब्राह्मण ही उन शुरुआती वर्गों में शामिल थे, जिन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का साथ अपनाया था। हाल के महीनों में BJP को सवर्ण समाज की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण जातिगत भेदभाव से जुड़े UGC के दिशा-निर्देशों के खिलाफ सवर्णों का खुलकर विरोध करना है। BJP से नाराजगी के बावजूद सवर्णों के सामने दूसरी पार्टी चुनना आसान नहीं है। इसकी वजह यह है कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस, अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी और तेजस्वी यादव की RJD जैसी पार्टियां OBC और दूसरी पिछड़ी जातियों के हितों को प्रमुखता देती हैं। लेकिन प्रशांत किशोर BJP की आलोचना को इन मुद्दों से आगे ले जाते हैं। वह ब्राह्मणों के राजनीतिक हितों के केंद्र में मुसलमानों के साथ सामाजिक गठबंधन को रख रहे हैं। यानी ब्राह्मण समाज के भीतर जो बातें अब तक आपसी बातचीत तक सीमित थीं, उन्हें अब एक प्रभावशाली नेता ने खुलकर सामने रख दिया है। यह उत्तर भारत के हिंदी पट्टी वाले राज्यों में BJP पर हमला करने का एक नया राजनीतिक तरीका है।' 2. मुस्लिम RJD-कांग्रेस की हार से हताश पॉलिटिकल एनालिस्ट संजय सिंह कहते हैं… ‘2005 के बाद से बिहार की सत्ता से तेजस्वी यादव की पार्टी RJD और कांग्रेस अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति तक नहीं पहुंच पाई है। नीतीश कुमार के रिटायर होने और बैक टू बैक RJD-कांग्रेस की हार से मुस्लिम हताश हैं। उनको अब धीरे-धीरे लगने लगा है कि RJD-कांग्रेस सत्ता में नहीं आ पाएगी। ऐसी स्थिति में उनके पास अब प्रशांत किशोर के तौर पर विकल्प खुल रहा है। प्रशांत किशोर बीते 4 साल से लगातार मुस्लिमों को उनको हक देने की वकालत और वायदा कर रहे हैं। मिथिला में दिए गए प्रशांत किशोर के भाषण का इम्पैक्ट पढ़े-लिखे मुस्लिमों पर भी पड़ा है। उनके अंदर भी अब बैचेनी है कि हमें आखिर मिला क्या?’ 3. OBC-EBC को तोड़ना कठिन 2025 बिहार विधानसभा चुनाव और MLC चुनाव लड़ने के बाद प्रशांत किशोर को एहसास हो गया है कि OBC-EBC समाज को तोड़ना थोड़ा टफ है। क्योंकि नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, निशांत कुमार, उपेंद्र कुशवाहा जैसे OBC लीडर हैं। उनके पीछे उनका समाज लामबंद है। ऐसे में उनको तोड़ना अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। सवाल-4ः …तो क्या फिर साथ आ सकते हैं ब्राह्मण-मुस्लिम? जवाबः ऐतिहासिक रूप से ऐसा पहले हो चुका है, लेकिन आज की राजनीतिक परिस्थितियों में इन दोनों समूहों का एक साथ आना संभव तो है, पर अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। 1990 से पहले बिहार और उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण और मुस्लिम कांग्रेस के झंडे तले एक साथ वोट करते थे। दोनों वर्गों के सामाजिक-राजनीतिक संबंध उस समय काफी हद तक स्थिर थे। क्यों साथ आना कठिन क्यों साथ आ सकते हैं

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User