संभल के 6 गांव में 8 मकानों की छत-दीवार गिरी:बारिश से लाखों का नुकसान, लेखपालों ने अधिकारियों को रिपोर्ट दी
संभल में पिछले 50 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ग्रामीण इलाकों के लिए आफत बन गई है। बारिश के कारण कई गांवों में आठ से दस मकानों की छतें और दीवारें गिर गईं, जिससे लाखों रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व लेखपालों को भेजकर रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि पीड़ितों को जल्द से जल्द नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जा सके। हादसों और उनसे हुए नुकसान का ब्योरा सौंधन मोहम्मदपुर (ब्लॉक पंवासा, थाना कैलादेवी): सोमवार सुबह करीब 10 बजे जबर सिंह पुत्र वंशी के कच्चे मकान के बरामदे की छत अचानक ढह गई। हादसे के वक्त घर में उनकी पत्नी विमला, बेटा रामनिवास, बहू राजेश्वरी और बच्चे निशा व प्रशांत मौजूद थे। गनीमत रही कि सभी बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। मिलक शाहपुर (थाना हजरतनगर गढ़ी): रविवार सुबह 8 बजे पप्पू (जो पत्नी सीमा के साथ रहते हैं) के मकान की छत गिर गई। इससे करीब ₹70,000 से अधिक की क्षति हुई है। बाबूखेड़ा व मनौटा (ब्लॉक व थाना असमोली): बाबूखेड़ा निवासी पंकज पुत्र छत्रपाल के कच्चे मकान की छत गिरने से लगभग ₹80,000 का घरेलू सामान नष्ट हो गया। वहीं, मनौटा गांव में स्व. यामीन की पत्नी अख्तरी का जर्जर कच्चा मकान ढह गया, जिससे अनाज और घरेलू सामान मलबे में दब गया। सैदपुर जसकोली व सैदपुर गंगू: सैदपुर जसकोली में मोनू सिंह पुत्र प्रेम सिंह के मकान की टीनशेड और दीवार गिरने से लगभग ₹70,000 का नुकसान हुआ। सैदपुर गंगू निवासी हरिराज पुत्र रामचरण के मकान की छत गिरने से घर का सारा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। भैंसोड़ा: विनोद कुमार पुत्र संतोष के मकान की दीवार ढह गई, जबकि संजय कुमार पुत्र छोटे लाल के कमरे की कच्ची छत गिरने से खाद्य सामग्री और अन्य सामान खराब हो गया। संभल कोतवाली (वार्ड 18, ठेर): लगभग 50 वर्ष पुराने एक मकान की दीवार गिर जाने से आम रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)