ताजमहल के पास दो हरे पेड़ों काटे, वीडियो वायरल:पीएसी कैंप के बराबर में पेड़ो पर चली आरी, वन विभाग ने शुरू की जांच
ताजमहल के आसपास पर्यावरण संरक्षण के लिए बनाए गए ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) में ही दो हरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। मेहताब बाग से ताज व्यू पॉइंट जाने वाले रास्ते पर 28वीं वाहिनी पीएसी कैंप के बराबर में मंगलवार को दो बड़े हरे पेड़ों पर आरी चला दी गई। देखते ही देखते दोनों पेड़ों को जमीन पर गिरा दिया गया। पेड़ों की कटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि अधिकारियों और स्थानीय दुकानदारों के कहने पर कुछ महिलाओं ने पेड़ों को काटा। हालांकि, पेड़ों की कटाई के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। ताजमहल की खूबसूरती और पर्यावरण संरक्षण के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर ताज ट्रेपेजियम जोन बनाया गया है। इसमें आगरा सहित आसपास के क्षेत्रों का करीब 10,400 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल है। इस क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। यहां पेड़ों की कटाई के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेना और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है। ऐसे में ताजमहल के नजदीक टीटीजेड क्षेत्र में ही दो हरे पेड़ों की कटाई ने संरक्षण संबंधी इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग ने शुरू की जांच पेड़ों की कटाई का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने मौके पर टीम भेजी है। क्षेत्रीय वन अधिकारी अब्दुल सम्मी अंसारी ने बताया कि मौके पर वन विभाग की टीम भेजी गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। पेड़ों को काटने की अनुमति ली गई थी या नहीं और किन परिस्थितियों में कटाई की गई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)