जया किशोरी की भागवत कथा का समापन हुआ:परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने आरती की, समाजसेवी ने चांदी का मुकुट भेंट किया
बलिया के छोड़हर (गजियापुर) में जया किशोरी की श्रीमद्भागवत कथा मंगलवार शाम करीब 6 बजे पूरी हुई। कथा के आखिरी दिन उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह शामिल हुए और आरती की। समाजसेवी सुनील मिश्रा ने जया किशोरी को चांदी का मुकुट भेंट किया। देखें, 5 तस्वीरें… कथा का आयोजन हनुमानगंज ब्लॉक क्षेत्र में श्रीराम जानकी मंदिर के पास जीवन प्रदाता फाउंडेशन की ओर से चल रहे बलिया सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महोत्सव 2026 में किया गया। आखिरी दिन कथा पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भंडारे में रात 9 बजे के बाद भी लोग प्रसाद लेते रहे।
कथा के दौरान जया किशोरी ने अभिभावकों से कहा कि बच्चों को भगवान और सनातन धर्म की जानकारी टीवी धारावाहिकों से न दें। उन्होंने कहा कि सीरियल मनोरंजन के लिए बनाए जाते हैं और उनमें तथ्यात्मक व सांस्कृतिक गहराई की कमी होती है। बच्चों में संस्कार विकसित करने के लिए उन्हें पारंपरिक कथाओं और ग्रंथों से जोड़ना चाहिए।
रुक्मिणी विवाह, कंस वध, गोपियों के संवाद और सुदामा-कृष्ण प्रसंग पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रेम से बढ़कर कुछ नहीं है और सच्चा प्रेम निस्वार्थ होता है। उन्होंने सुदामा-कृष्ण संवाद को भाईचारे, मित्रता और समर्पण का उदाहरण बताया। जया किशोरी ने कहा कि डिजिटल दौर में बच्चों को आधुनिक मनोरंजन के साथ अपनी संस्कृति और पौराणिक मूल्यों से भी जोड़ना जरूरी है। धार्मिक और नैतिक ज्ञान के लिए उन्हें महापुरुषों की जीवन गाथाओं और धार्मिक ग्रंथों के करीब लाना चाहिए। कथा के दौरान उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)