ट्रैवल्स कारोबारी ने घर में फंदा लगाकर सुसाइड किया:मां को फोन पर कहा था- अब बर्दाश्त नहीं होता, बहन का आरोप- पत्नी से परेशान था
कानपुर के चकेरी में ट्रैवल्स कारोबारी ने रविवार देर रात घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची कारोबारी की बहन ने आरोप लगाया कि उसका भाई पत्नी के अवैध संबंधों को लेकर काफी समय से परेशान था। कई बार समझाने के बावजूद पत्नी के व्यवहार में बदलाव नहीं आया, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। कारोबारी ने आत्महत्या से करीब पांच घंटे पहले ही अपनी मां को फोन कर अपनी परेशानी बताई थी। उसने कहा था कि अब वह सब कुछ बर्दाश्त नहीं कर पा रहा है। किसी दिन कुछ भी हो सकता है। मां ने उसे समझाकर शांत कराने की कोशिश की थी, लेकिन देर रात उसकी मौत की खबर आ गई। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब पूरा मामला विस्तार से जानिए…
चकेरी थाना क्षेत्र के बिरयानी मार्केट, बिस्ती नगर निवासी मोहम्मद शारिक (40) ट्रैवल्स का कारोबार करते थे। परिवार में पत्नी आफीन, दो बेटियां अक्शा और हुबा तथा बेटा तल्हा है। फतेहपुर निवासी शारिक की बहन रूही ने बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे भाई ने मां रोशन जहां को फोन किया था। बातचीत के दौरान उसने बताया कि वह पत्नी के कथित अवैध संबंधों को लेकर काफी परेशान है। कई बार पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। अब वह इन सब बातों से पूरी तरह ऊब चुका है और ज्यादा दिन तक यह सब बर्दाश्त नहीं कर पाएगा। उसने मां से कहा था कि किसी दिन कुछ भी हो सकता है।
मां से कही थी मन की बात, फिर नहीं उठा फोन
रूही के मुताबिक, बेटे की परेशानी सुनकर मां ने उसे समझाया कि वह परेशान न हो, सब कुछ ठीक हो जाएगा। इसके बाद शारिक ने फोन काट दिया। मां ने फोन कर बेटी रूही को भी भाई की बातचीत के बारे में बताया। इसके बाद रूही लगातार भाई को फोन मिलाती रही, लेकिन फोन नहीं उठा। रात करीब 12:30 बजे भाभी आफीन ने फोन कर बताया कि शारिक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। यह सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
बहन बोली- पत्नी के किसी अन्य युवक से बातचीत को लेकर होता था विवाद
रूही ने बताया कि भाई और भाभी के बीच पत्नी के किसी अन्य युवक से बातचीत करने को लेकर अक्सर विवाद होता था। भाई कई बार पत्नी को समझा चुका था, लेकिन इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ। इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। बहन ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पत्नी के कथित संबंधों समेत सभी पहलुओं की पड़ताल कर कार्रवाई करने की मांग की है।
घटना की सूचना पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पत्नी के कथित अवैध संबंधों को लेकर परेशान होने की बात बताई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)